चरथावल (मुजफ्फरनगर)। लॉकडाउन के चलते युवक ने शादी स्थगित कर दी है। इस संबंध में जिन परिचितों और रिश्तेदारों को निमंत्रण पत्र बांटे गए थे, उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से खबर की गई।
गांव रोनी हरजीपुर निवासी हिंदू जागरण मंच के जिला उपाध्यक्ष अंकुर राणा की शादी की तैयारी पूरी हो गई थी।16 अप्रैल को गांव में मंढा की रस्म तय थी और 17 अप्रैल को बारात सहारनपुर के गांव टाब्बर में जानी निश्चित थी। पिता ठाकुर राज सिंह ने शादी के निमंत्रण के कार्ड लॉकडाउन लगने से पहले ही बांट दिए थे। लेकिन फिलहाल उन्होंने देश में कोरोना के संकट के कारण शादी आगामी तिथि तक स्थगित कर दी। इस संबंध में लड़की पक्ष के लोग भी रजामंद हो गए। अंकुर राणा ने बताया कि पूरे देश में अफरातफरी का आलम है। ऐसे में अभी शादी करने का इरादा माकूल नहीं है। उन्होंने बताया कि जब तक देश में कोरोना खत्म नहीं होगा, तब तक शादी नहीं करेंगे। उन्होंने बताया शादी की शहनाईं के लिए बैंक्वेट हॉल, बैंड बाजा, घोड़ी, हलवाई, टेंट आदि बुकिंग कर ली थी। उन सबको निरस्त करा दिया है। शुक्रवार को सभी रिश्तेदार, दोस्तों, परिचितों और मित्रों को शादी स्थगन की सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से भिजवाई गई है।