मुजफ्फरनगर। शनिवार-रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन के चलते बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं दाल-तिलहन के दामों में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। सभी दालों के दाम एक सप्ताह के भीतर 20-30 रुपये प्रति किलो व खाद्य तेल के दाम भी रुपये 30 प्रति लीटर तक बढ़ गए हैं, जो प्रशासन द्वारा जारी रेट लिस्ट का भी खुला उल्लंघन है।
लगातार हो रहे कोरोना संक्रमण प्रसार के चलते शासन द्वारा सूबे में शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक लागू किए गए साप्ताहिक लॉकडाउन के चलते दिनभर बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ रही। लोगों ने बड़ी मात्रा में दाल-तिलहन की खरीद की। दुकानदारों ने भी इनकी कीमतों में इजाफा कर दिया गया। शुक्रवार को सभी दालों की कीमतों में 20-30 रुपये प्रति किलो का इजाफा कर दिया गया। वहीं, सभी खाद्य तेलों में भी करीब 30 रुपये लीटर की बढ़ोत्तरी की गई। यह आलम तब रहा, जबकि एक सप्ताह पूर्व एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने दाल व तेल की थोक व खुदरा बिक्री की दरें निर्धारित कर दी थी।
इन्होंने कहा ......
एडीएम प्रशासन अमित सिंह का कहना है कि साप्ताहिक लॉकडाउन में भी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित नहीं होने दी जाएगी। शासन के पास सभी चीजों का पर्याप्त स्टॉक है, इसलिए कोई भी व्यापारी कालाबाजारी या जमाखोरी न करे। यदि किसी ने निर्धारित मूल्य से अधिक वसूले या जमाखोरी की तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।