मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन की सख्ती को देख एसडी मार्केट के व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे से खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। नईमंडी की बिंदल मार्केट के व्यापारियों ने प्रशासन से रविवार तक का समय अतिक्रमण हटाने के लिए मांगा है।
शहर में जाम की आम समस्या से जनता को निजात दिलाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह और सीओ सिटी डॉ तेजवीर सिंह की अगुवाई में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ है।
तीन दिन पूर्व शिवचौक से लेकर टाउन हाल तक का अतिक्रमण हटवाया गया। इसके विरोध में एसडी मार्केट के व्यापारियों ने सोमवार को बाजार भी बंद रखा। इस सबके बावजूद जिला प्रशासन ने कदम पीछे नहीं हटाए। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ जब अतिक्रमण हटाने के लिए निकले तो व्यापारियों ने पहले ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट को आश्वासन दिया कि अब कोई भी व्यापारी न तो अतिक्रमण करेगा और न ही अपनी दुकान के सामने अतिक्रमण होने देगा। व्यापारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को लिखित में भी आश्वासन दिया है। उधर, नईमंडी बिंदल मार्केट के व्यापारियों ने भी रविवार तक का समय मांगा है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि चार दिन बाद सोमवार से नईमंडी में जो खुद अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनका प्रशासन हटवाएगा।