पत्रकार वार्ता में खतौली क्षेत्र (मुजफ्फरनगर) में हुई हत्या के आरोपी की जानकारी देते एसपी सिटी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
प्रेमी ने ही की नवविवाहिता की हत्या
मुजफ्फरनगर। खतौली के गांव कढली में नवविवाहिता की हत्या का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर हत्यारोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपी के कब्जे से नवविवाहिता का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त गंड़ासा और खून सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कढली निवासी रुचि शर्मा की गत 28 जून को शादी हुई थी। तीन जुलाई को रुचि मायके आई थी। रविवार रात करीब नौ बजे संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। सोमवार सुबह रुचि की लाश घर के पीछे स्थित खेत में मिली, जिसकी गर्दन काटकर हत्या की गई थी। एसपी सिटी ने बताया कि हत्या के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था, जिसके बाद सोमवार शाम बाईपास टबीटा मोड़ से सोहनवीर उर्फ सोनी गुर्जर निवासी गांव गुडम थाना फलावदा मेरठ को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से एक थैले में हत्या में प्रयुक्त गंड़ासा, नवविवाहिता का मोबाइल और आरोपी के घटना के वक्त पहने हुए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए गए। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी सोनी गुर्जर के रुचि से करीब आठ साल से प्रेम संबंध थे। इस अवधि में सोनी गुर्जर अपने हिस्से की जमीन बेचकर प्रेमिका पर लूटा चुका था। इसके बावजूद गत 28 जून को रुचि की उसके परिजनों ने किसी और युवक से शादी कर ली, जिससे सोनी गुर्जर खफा हो गया। मायके आने के बाद रविवार रात सोनी ने प्रेमिका को मिलने के लिए घर के पीछे स्थित खेत में बुलाया और वहीं उसकी गंड़ासे से गर्दन काटकर हत्या कर दी। एसपी सिटी ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त साक्ष्य संकलित कर जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी। केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर जल्द से जल्द आरोपी को उसके किए की सजा दिलवाई जाएगी।