जानसठ। गांव कवाल से एक प्रेमी युगल रविवार रात में फरार हो गया। मामला अलग अलग समुदाय से जुड़ा होने की वजह से गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर दी है। दोनों प्रेमी युगल नाबालिग बताए गए हैं। पुलिस प्रेमी युगल को तलाश करने में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कवाल में अलग-अलग समुदाय के किशोर व किशोरी का पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी दोनों परिवारों को कोई खबर नहीं लगी। रविवार की रात्रि को मौका पाकर दोनों प्रेमी युगल गांव से फरार हो गए। सोमवार सुबह के समय दोनों परिवारों को पता चला। इस मामले को लेकर किशोरी के परिजनों में रोष व्याप्त हो गया। किशोरी के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुत्री को बरामद करने की मांग की। मामला अलग-अलग समुदाय जुड़ा होने की वजह से गांव में दोनों समुदाय के बीच तनाव के हालात बने हुए हैं। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है। पुलिस ने कई स्थानों पर प्रेमी युगल को बरामद करने के लिए दबिश भी दी, लेकिन अभी तक प्रेमी युगल का पता नहीं चल सका है। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच टीम को सौंपी गई है।