खतौली (मुजफ्फरनगर)। जीटी रोड पर गांव तिगाई के सामने बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने बीयर और अंग्रेजी शराब की दुकानों से सेल्समैनों पर पिस्टल तानकर लूटपाट की और फरार हो गए।
खतौली कस्बे में जीटी रोड पर गांव तिगाई के सामने बीयर व अंग्रेजी शराब की दुकानें हैं। बीयर शॉप पर सेल्समैन के रूप में पंकज और अंग्रेजी शॉप पर सेल्समैन गांव तिसंग निवासी राजू तैनात हैं। रात करीब 8.40 बजे राजू होटल से खाना लेकर शॉप पर पहुंचकर बाहर खड़ा था। उसी समय तीन युवक वहां पहुंचे और राजू से अंग्रेजी शराब की बोतल मांगी। बोतल देने के लिए राजू जैसे ही ठेके का गेट खोलकर अंदर पहुंचा, तीनों लुटेरे भी उसके पीछे-पीछे अंदर घुस गए और राजू पर पिस्टल तानकर गल्ले में रखी करीब आठ हजार की नकदी लूट ली। शोर सुनकर बीयर शॉप पर मौजूद पंकज वहां पहुंचा तो लुटेरों ने उस पर भी पिस्टल तान दिया और उसकी शॉप में भी पहुंचकर वहां से भी गल्ले से करीब दस हजार से अधिक की नकदी लूट ली। इसके बाद लुटेरे गोली मारने की धमकी देते हुए वहां से पैदल भागकर कुछ दूर खड़ी अपनी बाइक तक पहुंचे और फरार हो गए। पीड़ित सेल्समैनों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित सेल्समैनों से घटना की जानकारी लेकर लुटेरों का पीछा किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। देर रात तक पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी।