मुजफ्फरनगर/चरथावल। गांव जा रहे एक युवक को कुछ बदमाशों ने रोक लिया और उससे लूटपाट कर खेत में बांधकर फरार हो गए। किसी तरह बंधन मुक्त होकर युवक ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल को लेकर दो थानों की पुलिस में सीमा विवाद में उलझी रही। शहर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कसियारा निवासी युवक विशाल मुजफ्फरनगर में एआरटीओ कार्यालय के पास कार डिजाइनिंग की दुकान पर कार्य करता हैं। शनिवार रात गांव लौटते समय उसे कसियारा मार्ग पर पुल के पास जंगल में बदमाशों ने रोक लिया और तलाशी लेनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर मारपीट की गई। बदमाशों ने उसकी बाइक, मोबाइल फोन, नकदी और बैग लूट लिया। कपड़े से उसके हाथ-पैर बांधकर ईख के खेत में डाल दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। किसी तरह विशाल बंधन मुक्त होकर गांव पहुंचा। पूरी घटना परिजनों को बताई। उसके भाई सचिन ने डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।
चरथावल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली, लेकिन घटनास्थल कोतवाली क्षेत्र का निकला। तो सूचना देने के लगभग एक घंटा बाद शहर कोतवाली की रोहाना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पुलिस टीम सीमा विवाद में उलझ गई। शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल कोतवाली क्षेत्र का था। लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फाइनेंस कंपनी के कैशियर से मोबाइल छीना
खतौली। होली चौक निवासी शुभम जैन जीटी रोड स्थित नागर कालोनी के समीप आय फाइनेंस कंपनी में कैशियर के पद पर कार्यरत है। शुभम ने बताया कि वह शनिवार शाम काम समाप्त करने के बाद घर लौट रहा था। जब वह पीकेट इंटर कालेज के समीप पहुंचा, तभी बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट करते हुए मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।