जिला पंचायत के कर्मी से अभद्रता के विरोध में तालाबंदी
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) के ऑफिस में जिला पंचायत सदस्य के पति एवं भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान के द्वारा कर विभाग के बड़े बाबू एजाज का गिरेबां पकड़े जाने के विरोध में जिला पंचायत के कर्मचारी, अधिकारी बुधवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। दफ्तरों में तालाबंदी रही। कार्रवाई की मांग को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष और एएमए को ज्ञापन दिया। इस मामले में कर्मचारी संगठनों की बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे जिला पंचायत में बैठक होगी।
जिला पंचायत कार्यालय में यह मामला मंगलवार को दोपहर हुआ। करीब डेढ़ बजे अपर मुख्य अधिकारी नूतन शर्मा के दफ्तर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब अभियंता का गलत नंबर देने का आरोप लगा जिला पंचायत सदस्य के पति और भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने कर विभाग के बड़े बाबू एजाज से गालीगलौज करते हुए सबके सामने उनका गिरेबान पकड़ लिया। आरोप है कि उनके साथ मारपीट का प्रयास भी किया गया। जिला पंचायत अध्यक्षा के पति अर्जुन तोमर और अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह उन्हें समझाया। इस घटना से जिला पंचायत के कर्मचारियों में भारी आक्रोश पनप गया। घटना के विरोध में बुधवार को कर्मचारी और अधिकारी सामूहिक अवकाश पर रहे। जिला पंचायत के सभी दफ्तरों में तालाबंदी रही। सुबह के समय सभी कर्मचारी एकत्र होकर जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल से मिले। कर्मचारी ने पूरी घटना बताई और इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। इसी के साथ अपर मुख्य अधिकारी नूतन शर्मा से उनके आवास पर जाकर मिले और ज्ञापन दिया। एएमए ने कर्मचारियों को न्याय का आश्वासन दिया। जिला पंचायत के सभी कार्यालयों में ताला लटका होने से यहां आने वाले लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उधर, जिला पंचायत के कर्मचारी संगठन ने अन्य विभागों के कर्मचारी नेताओं की बैठक बुलाई है। जिला पंचायत में बृहस्पतिवार सुबह दस बजे सभी कर्मचारी संगठनों के नेता एकत्र होंगे, जिसमें आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।
भाकियू और कर्मचारी होंगे आमने-सामने
मुजफ्फरनगर। भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान द्वारा जिला पंचायत के कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला तूल पकड़ सकता है। कर्मचारी संगठनों ने यदि आंदोलन का निर्णय लिया तो किसान संगठन और कर्मचारी संगठन आमने-सामने होंगे।
किसान दिवस में मौजूद रहे धीरज
मुजफ्फरनगर। एक तरफ जिला पंचायत के सभी कर्मचारी और अधिकारी जहां सामूहिक अवकाश पर रहे, वहीं बड़े बाबू के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपी भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान जिला पंचायत के सभागार में ही किसान दिवस में मौजूद रहे।