घर पर जुमे की नमाज अदा करते मुस्लिम समाज के लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए शुक्रवार को जिले भर की मस्जिदों में जुमे की नमाज नहीं पढ़ी गई। पुरकाजी व सिसौली में कुछ लोग सामूहिक नमाज अदा करने मस्जिदों में पहुंचे, जिनमें से 36 लोगों को हिरासत में लेकर मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया।
कोरोना महामारी के फैलने के खतरे के मद्देनजर एसएसपी अभिषेक यादव ने बृहस्पतिवार को जिले भर की मस्जिदों के मौलानाओं व लोगों को जुमे की नमाज अपने घर में ही पढ़ने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को शहर क्षेत्र की सभी मस्जिदों को पुलिस ने नमाज के समय से पहले ही निगरानी में ले लिया था। जिसके चलते जुमे की नमाज लोगों ने अपने घरों में ही अदा की। शाहपुर कस्बे व देहात क्षेत्र में जुमे की नमाज लोगों ने अपने घरों में ही अदा की। एसओ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मॉर्निंग वॉक पर भी सख्ती करते हुए 44 लोगों को हिरासत में लेते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। उधर, भोपा कस्बा व आसपास क्षेत्र में जुमे की नमाज लोगों ने अपने घरों पर पढ़ी। मीरापुर में मुस्लिम धर्मगुरूओं की अपील पर लोग जुमे की नमाज के लिए मस्जिदों में नहीं पहुंचे और लॉकडाउन का पालन करते हुए अपने घरों में ही जुमे की नमाज अदा की। कुछ गांवों में लोग मस्जिदों में पहुंचे भी, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर लौटा दिया। छपार क्षेत्र में जुमे की नमाज लोगों ने अपने घरों में ही अदा की। लोगों ने नमाज अदा कर देश को कोरोना से मुक्ति दिलाने के लिए दुआएं मांगी।
उधर, खतौली मुस्लिम समाज के लोगों से जुमे की नमाज मस्जिद में अदा न कर घरों पर ही अदा की। उधर, पुरकाजी कस्बे में अधिकांश लोगों ने अपने घरों में ही जुमे की नमाज अदा की। कस्बे की बिलाल वाली मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचे 20 लोगों को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हिरासत में ले लिया, जबकि कई लोग फरार हो गए। वहीं, मेन बाजार वाली मस्जिद पर सामूहिक नमाज की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख लोग भाग खड़े हुए। यहां से पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उधर, भौराकलां लॉकडाउन के तहत पुलिस-प्रशासन की अपील के बावजूद कुछ लोगों ने मस्जिदों में नमाज अदा करने का प्रयास किया। सिसौली स्थित छोटी मस्जिद में नमाज पढ़ने पहुंचे आठ लोग और गांव चिरौली में मौलाना समेत सात लोगों को हिरासत में ले लिया।