सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेसं के साथ आवश्यक सामान को लेकर जाते लोग।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
संभलों, घरों में रह कर बचेगा जीवन
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के तीसरे दिन पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बाद हालात काफी हद तक सुधरे हैं। मुकदमा दर्ज होने और वाहन सीज किए जाने की चेतावनी के बाद कार्रवाई के डर से लोगों ने शुक्रवार को घर से निकलने से गुरेज किया।
कोरोना को लेकर लागू लॉकडाउन को लेकर जनपद के लोग तमाम प्रयासों के बावजूद जागरूक नहीं हो पा रहे हैं। शुरूआती दो दिन लोगों ने लॉकडाउन का पालन नहीं किया। एसएसपी अभिषेक यादव ने बेवजह घरों से निकलने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा करने, गली-मोहल्लों में घूम रहे लोगों को पकड़कर हवालात में डालने और वाहनों के चालान और सीज के आदेश दे दिए। इसके बाद पुलिस शुक्रवार सुबह से ही एक्टिव मोड पर नजर आई। गलियों में बल्लियां लगाकर रास्ते बंद करने के साथ ही शहर में भी नए ड्यूटी प्वाइंट्स बना दिए गए। सब्जी मंडियों के बाहर बैरियर लगाते हुए वहां केवल ठेली एवं फुटकर सब्जी विक्रेताओं को ही खरीदारी के लिए जाने दिया गया। किराना स्टोर्स पर भी काफी कम लोग खरीदारी करने पहुंचे। चालान काटने के साथ ही वाहनों को सीज भी किया गया। जिस पर काफी लोग पैदल सामान लाते मिले। साइकिलों का भी नागरिकों ने इस्तेमाल किया।
गली मोहल्लों में पहुंचे फल, सब्जी विक्रेता
मुजफ्फरनगर। प्रशासन की सख्ती के चलते शुक्रवार को लोग नियंत्रण में रहे। गली मोहल्लों में फल-सब्जी विक्रेता पहुंचे। गैस सिलिंडर लेने लोग गोदाम पर पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि गैस सिलिंडर घरों पर ही पहुंच जाएगा।
कप्तान ने दिन निकलते ही खुद संभाला मोर्चा
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन को लेकर लोगों के गैर जिम्मेदाराना व्यवहार को देखते हुए एसएसपी अभिषेक यादव शुक्रवार को दिन निकलते ही सड़क पर उतर गए। एसएसपी ने नवीन मंडी के साथ ही शहर में लगने वाली चुंगी नंबर दो एवं ईदगाह मंडी का निरीक्षण कर आम लोगों को किसी भी सूरत में मंडी में नहीं पहुंचने देने के आदेश दिए। पुलिस दो दिन से कहीं अधिक एक्टिव नजर आई और नियमों का कड़ाई से पालन कर तीसरे दिन के लॉकडाउन को बेहतर बनाया।