टैंकर से की जा रही थी शराब तस्करी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए देहात क्षेत्र में सप्लाई के लिए हरियाणा से लाई जा रही तस्करी की शराब से लदा टैंकर और कार बरामद की है। तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बरामद शराब की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
नई मंडी थाना पुलिस शनिवार सुबह हाईवे स्थित जानसठ बाईपास पुल के नीचे वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर-टैंकर को जांच के लिए रोका गया। ट्रैक्टर रोके जाते देख पीछे चल रही एक कार भी रुक गई, जिन्होंने ट्रैक्टर-टैंकर अपना बताया। क्राइम इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि वाहनों की जांच की गई तो ट्रैक्टर के पीछे लगे कैंटर के अंदर एक केबिन बना मिला, जिसमें हरियाणा निर्मित 80 पेटी अंग्रेजी शराब भरी हुई थी। इस पर कार सवार युवकों को भी हिरासत में ले लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बरामद शराब को पंचायत चुनाव में देहात क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए हरियाणा से तस्करी कर लाना बताया। बरामद शराब की कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामली जनपद के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बनत निवासी अमित, जनपद बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र के गांव बिजवाड़ा निवासी राहुल और हरियाणा प्रांत के जिला पानीपत के समालखा थाना क्षेत्र के गांव नामूड़ा निवासी राजवीर शामिल हैं। तीनों आरोपियों से बरामद कार व ट्रैक्टर-टैंकर की जांच की जा रही है। वहीं, तीनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।