फर्राटा दौड़ में बिलासपुर के लाइक व तरन्नुम प्रथम
मुजफ्फरनगर। बेसिक शिक्षा विभाग के तहत संचालित सदर विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों की सौ मीटर की फर्राटा दौड़ में बिलासपुर के छात्र लाइक प्रथम, बहादरपुर के साहिब व जडौदा क्षेत्र के रोहित द्वितीय व रई के अर्शिल तृतीय स्थान पर रहे।
सदर ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कूकड़ा के खेल परिसर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय मिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार व ग्राम प्रधान कूकड़ा संजीव कुमार ने किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सभी विद्यालयों की टीमों से मार्चपास्ट में मुख्य अतिथि ने सलामी ली। खंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों में खेल भावना बचपन से ही विकसित करनी चाहिए, क्योंकि खेल से ही शारीरिक मानसिक व व्यक्तित्व विकास होता है। खेल प्रतिस्पर्धाओं में बालिका वर्ग की सौ मीटर दौड़ में बिलासपुर क्षेत्र की तरन्नुम प्रथम, रई की निलाक्षी द्वितीय व बहादरपुर क्षेत्र की नाजिया तृतीय रही। दो सौ मीटर दौड़ में पचैंडाकलां की सलौनी प्रथम, रई की लक्ष्मी पटेल द्वितीय व बिलासपुर की चांदनी तृतीय रही। खेल प्रतियोगिताओं का समापन 18 अक्तूबर को होगा। खेल का शुभारंभ समारोह में शिक्षक नेता संजीव बालियान, इंद्रभूषण शर्मा, अरशद अली, कृष्णकुमार शर्मा, नाथीराम, प्रदीप कुमार, कुलदीप कुमार, अरशद अली, नाथीराम, प्रदीप कुमार, बालेंद्र कुमार, डॉ संजीव सीमली, डॉ रामधन गुप्ता, रियाजुल हसन, रविंद्र सिंह, लोकेश वशिष्ठ, आकाश, अवनीश आदि मौजूद रहे।