जानसठ में स्कूल के बाहर खड़े ठेले से चाट खरीदकर खाने से छात्र की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी और जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन छात्र हालत में सुधार नहीं हुआ। वहां से उसे एक निजी चिकित्सालय में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव नरसिंहपुर चुड़ियाला निवासी 15 वर्षीय सनी कुमार पुत्र राजेश जानसठ के एक कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। मंगलवार को लंच टाइम में छात्र ने स्कूल के बाहर खड़े ठेले से चाट लेकर खा ली और कक्षा में चला गया। जहां उसे चक्कर आने के बाद उल्टियां होने लगीं। अध्यापकों ने तुरंत उसे एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी। वहां से उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया,
लेकिन चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान होश न आने पर परिजन उसे एक निजी नर्सिंग होम में ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीएचसी के चिकित्सक मशकूर आलम ने बताया कि छात्र की हालत देखकर लगता था कि उसने कोई जहरीली चीज खा ली है। जिसके कारण उसकी मौत हुई है। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।