फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धर्म परिवर्तन कर युवती प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी

Tue, 18 Sep 2018 12:44 AM IST
अमर उजाला/ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
कुशीनगर निवासी युवती को समझाते हिंदू संगठन के कार्यकर्ता। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिला कुशीनगर से करीब पांच माह पूर्व फरार अलग-अलग समुदाय के प्रेमी युगल को लेकर शहर में बखेड़ा खड़ा हो गया। पंजाब से यहां आकर अधिवक्ता के साथ निकाह करने जा रहे प्रेमी युगल को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने सब्जी मंडी से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाने में युवती ने पुलिस को धर्म परिवर्तन करने की जानकारी देते हुए प्रेमी संग ही रहने की जिद पर अड़ी रही। पुलिस ने कुशीनगर पुलिस को युगल बरामदगी की सूचना देते हुए अपने स्तर से कार्रवाई के लिए कहा है।             
विज्ञापन


शहर कोतवाली क्षेत्र के भगतसिंह रोड स्थित सब्जी मंडी से हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने अपने अधिवक्ता के साथ जा रहे अलग-अलग समुदाय के प्रेमी युगल को संदिग्ध हालात में देख पकड़कर पुलिस को सौंपा। युवती मांग में सिंदूर लगाने के साथ ही बुर्का भी पहने हुई थी, जिसने पूछताछ में अपना नाम नीशू गुप्ता पुत्री शिवधारी और प्रेमी का नाम आरिफ अली पुत्र लियाकत अली निवासीगण गांव गहड़िया, थाना तुर्कपट्टी जिला कुशीनगर बताया। पूछताछ में युवती ने बताया कि दोनों करीब पांच माह पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते घर से फरार हो गए थे।

इस दौरान वे पंजाब में रहते रहे, जहां से किसी के कहने पर वे यहां आकर एक अधिवक्ता से मिले, जिनके साथ वे निकाह करने के लिए शहर काजी के घर जा रहे थे।  इससे पहले ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में युवती ने धर्म परिवर्तन करते हुए अपना नाम आलिया रखने की जानकारी देते हुए प्रेमी आरिफ अली के साथ ही रहने और उससे निकाह करने की इच्छा जताई।
विज्ञापन


इसे लेकर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए उसे निकाह के लिए ले जाने वाले अधिवक्ताओं के साथ ही शहर काजी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि उक्त मामले की एफआईआर पहले से कुशीनगर थाने में दर्ज है, जिसके चलते प्रेमी युगल की बरामदगी के संबंध में कुशीनगर पुलिस को सूचना दे दी गई है। अब वहां से ही पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी।  
           
कुशीनगर में दर्ज है अपहरण की एफआईआर             
मुजफ्फरनगर। कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गांव गहड़िया निवासी प्रेमी युगल 30 सितंबर 2017 को फरार हो गया था, जिसके अपहरण की एफआईआर आरिफ अली के खिलाफ दर्ज कराई गई थी। तीन अक्तूबर 2017 को नीशू गुप्ता लौट आई थी, जिसे उस समय नाबालिग होने के चलते परिजनों के सुपुर्द करते हुए आरोपी आरिफ अली को जेल भेज दिया गया था। इसके बाद करीब पांच माह पूर्व युवती के बालिग होने पर फिर से प्रेमी संग फरार हो गई और धर्म परिवर्तन कर नाम आलिया रख लिया। दोनों पांच माह से पंजाब में एक साथ रह रहे थे और आज ही निकाह करने के लिए यहां पहुंचे थे।             

लव जिहाद को लेकर हिंदूवादी कार्यकर्ताओं की त्योरियां चढ़ीं      
मुजफ्फरनगर। कुशीनगर के प्रेमी युगल मामले को लेकर भाजपा, बजरंग दल व अन्य हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में उबाल है। कार्यकर्ताओं ने कुछ लोगों पर लव जिहाद को अमलीजामा पहनाते हुए साजिश के तहत हिंदू युवतियों का धर्म परिवर्तन कर निकाह कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बजरंग दल के पदाधिकारी ने कई लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की  है।

कुशीनगर से फरार युवक और युवती दो समुदायों के हैं। इस मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं सुनील दर्शन, सुनील तायल, सचिन सिंघल, विकास अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने शहर में लव जिहाद के मामलों को बढ़ावा देने और हिंदू समाज की युवतियों को साजिश के तहत बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के बाद उनका धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

आरोप लगाया कि समुदाय विशेष के समाजसेवी का चोला ओढ़े कुछ लोग साजिश  के तहत लव जिहाद के मामलों को बढ़ावा देने में लगे हैं। इनमें कुछ अधिवक्ताओं के साथ ही धर्मगुरु तक शामिल हैं। आरोप लगाया कि कुशीनगर निवासी नीशू गुप्ता-आरिफ अली के साथ ही एक अन्य प्रेमी युगल को भी निकाह कराने के लिए शहर में लाया गया था, लेकिन दूसरा प्रेमी जोड़ा हिंदूवादी संगठनों को देख रोडवेज बस में सवार होकर फरार हो गया।

कार्यकर्ताओं ने शहर कोतवाल से उक्त प्रेमी जोड़े को भी पकड़ने की मांग की, जिस पर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने इस संबंध में वायरलेस मेसेज फ्लैश कराने की बात कही। मामले में बजरंग दल पदाधिकारी पीयूष राणा ने कई अधिवक्ताओं व एक धर्मगुरु के खिलाफ तहरीर देकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान का कहना है कि कुछ लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है, लेकिन यदि युवती द्वारा धर्म परिवर्तन कराने की तहरीर दी जाती है तो कार्रवाई की जाएगी। पीयूष राणा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर फिलहाल केवल जांच ही कराई जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें