आजाद समाज पार्टी में शामिल हो सकती हैं कुल्लनदेवी
मुजफ्फरनगर। वाल्मीकि समाज की नेता कुल्लनदेवी आजाद समाज पार्टी में शामिल हो सकती हैं। भीम आर्मी के चंद्रशेखर उनके घर पर पहुंचे और उनसे राजनीतिक चर्चा की। हालांकि कुल्लनदेवी ने फिलहाल पार्टी में शामिल होने की घोषणा नहीं की है। भीम आर्मी के चंद्रशेखर ने कहा कि दलित समाज की सभी जातियों को एक प्लेटफार्म पर लाना ही उनका मकसद है।
आबकारी मोहल्ले में कुल्लनदेवी के आवास पर पहुंचे आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि दलित समाज एक लंबे समय से वोट बैंक के रूप में प्रयोग होता रहा है। अब वक्त आ गया है कि हम दूसरों को वोट लेने की क्षमता पैदा करें। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी बूथ स्तर पर काम कर रही है, जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी के आधार पर विधानसभा चुनाव में टिकट देंगे। दलित समाज की सभी जातियों को एक प्लेटफार्म पर लाना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने कुल्लन देवी को वाल्मीकि समाज की बड़ी नेता बताते हुए कहा कि उनके आजाद समाज पार्टी में शामिल होने से पूरे प्रदेश का वाल्मीकि समाज जुड़ेगा। चंद्रशेखर ने कुल्लनदेवी को पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर जुड़ने का न्योता दिया। कुल्लनदेवी ने कहा कि वह हमेशा दलित समाज के लिए काम करती रही हैं। समाज में भाईचारा बनाने के लिए हमेशा काम किया है। कार्यक्रम का संचालन दीपक गंभीर ने किया। इस अवसर पर राजू मचल, महक सिंह, नीतिन बिड़ला, सोनू गंभीर आदि मौजूद रहे।