मुजफ्फरनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना हुई। देर रात्रि तक आरती के बाद व्रत खोले गए। घरों में अलग-अलग तरह के पकवान और मिठाइयां बनाई गईं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी त्योहार पर मंदिरों को रंगीन रोशनी से सजाया गया, झांकियां सजाई गईं। जिन्हें देखने के लिए देर रात्रि तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शहर में भगवान श्रीकृष्ण की बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
रुड़की रोड स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर कुष्ठ आश्रम में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी त्योहार धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि समाजसेवी उद्यमी भीम कंसल ने पूजा-अर्चना की। यहां अखंड रामायण पाठ हुआ।
तपन, मनोज सिंह, सुकुमार मंडल आदि मौजूद रहे। उधर, श्री वीर भारत क्लब की बैठक में सात सितंबर सोमवार को रथ यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। चंद्रभान खन्ना, राकेश गर्ग, सतीश गर्ग, अनिल जैन आदि मौजूद रहे।