क्रांति सेना का थाने में हंगामा
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी में रेलवे ट्रैक के पास काफी देर से संदिग्ध हालात में बैठे अलग-अलग वर्ग के युवक-युवती को लोगों ने धर्मांतरण का शक जताते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। क्रांति सेना कार्यकर्ताओं ने मामले को लेकर थाने में हंगामा किया। थाने पहुंचे युवती के परिजनों द्वारा कार्रवाई से इंकार कर दिया, जबकि आरोपी युवक का चालान कर दिया गया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी में रेलवे लाइन के किनारे स्थित एक सुनसान गली में शुक्रवार दोपहर एक युवक-युवती संदिग्ध हालात में काफी देर से बैठे हुए थे। इस पर आसपास के लोग उनके पास पहुंचे और दोनों ने उनके नाम पूछे। दोनों ने खुद को मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी बताया। इनमें युवक ने अपना नाम सोनू बताया, लेकिन हाथ पर धार्मिक चिह्न देख लोगों ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद को इश्त्याक बताया। वहीं, युवती एक मेडिकल कॉलेज की छात्रा थी, जिसके बैग में उसके शैक्षिक कागजात, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और हजारों की नकदी भी थी। यह देख लोगों ने धर्मांतरण का शक जताते हुए उन्हें गांधी कॉलोनी चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही क्रांति सेना कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख पुलिस युवक-युवती को नई मंडी थाने ले गई, जहां युवती के परिजनों को भी बुला लिया गया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती के परिजनों का कहना है कि उन्हें युवती के युवक के साथ जाने की जानकारी है। उन्होंने युवक के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई संबंधी तहरीर देने से भी इंकार कर दिया, जिस पर युवती को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, आरोपी इश्त्याक का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है।
धर्मांतरण मामले में दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
छपार। थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर गांव खोजा नंगला निवासी दो लोगों पर प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया था। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर हंगामा भी किया था। मामले में थाना पुलिस ने गांव खोजा नंगला निवासी दोनों आरोपियों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।