मोरना। कस्बा भोकरहेड़ी में खेत की जुताई करते समय किसान का इकलौता बेटा ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। किसान के बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
कस्बा भोकरहेड़ी में बस स्टैंड से रहमतपुर मार्ग पर किसान संजीव पुत्र ब्रह्म सिंह का परिवार रहता है। संजीव के पास 10 बीघा जमीन है। शुक्रवार को संजीव अपने 14 वर्षीय पुत्र रोहित को साथ लेकर गंगा खादर में खेतों की हैरो से जुताई कर रहा था।
जुताई करते समय रोहित सामने से आकर पायदान पर पैर रखकर ट्रैक्टर पर बैठने की कोशिश करने लगा। संतुलन बिगड़ने से रोहित नीचे गिरकर ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रोहित का शव लेकर ग्रामीण जैसे ही घर पर पहुंचे। परिवार में कोहराम मच गया। शव को देखकर मां तारावती बेहोश हो कर जमीन पर गिर पड़ी।
मृतक रोहित दो बड़ी बहनों पूजा और काजल से छोटा इकलौता भाई था। रोहित कक्षा 9 में भोकरहेड़ी इंटर कॉलेज में पढ़ता था। स्वामी कर्मदास महाराज, बाबा ब्रह्म सिंह, संतराम, राजेंद्र, प्रेमदास यशपाल, रमेश, महावीर, सत्यपाल, जगदीश, बल सिंह, नत्थू, अरुण, धर्म सिंह, भागमल, जयसिंह ,अमर सिंह आदि ने एसडीएम उमेश मिश्रा से परिवार को मदद की गुहार लगाई है।