छपार में भाकियू तोमरों की पंचायत में एसडीएम सदर दीपक कुमार को ज्ञापन देते संजीव तोमर।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कृषि कानून वापस होने पर ही आंदोलन होगा खत्म : तोमर
छपार (मुजफ्फरनगर)। भाकियू तोमर की पंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार राजहट के चलते किसानों की समस्या सुनने को तैयार नहीं है, लेकिन जब तक तीनों काले कानून वापस नहीं होंगे, किसान भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण होना चाहिए।
छपार में बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (तोमर) की ओर से किसान पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर रामपुर स्थित संगठन कार्यालय से ट्रैक्टर खुद चलाकर पंचायत में पहुंचे। उनके पीछे कारों का काफिला चल रहा था। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने भाकियू तोमर जिंदाबाद के खूब नारे लगाते हुए स्वागत किया। अध्यक्ष संजीव तोमर ने पंचायत में कहा कि सरकार को तीनों किसान विरोधी काले कानून वापस लेकर एमएसपी को कानून बनाना चाहिए। गन्ने का भाव 450 रुपये क्विंटल और बकाया भुगतान ब्याज सहित तुरंत हो। उन्होंने कहा कि डीजल के रोजाना दाम बढ़ रहे हैं। किसानों को 30 रुपये लीटर डीजल मिलना चाहिए। किसानों के संपूर्ण कर्ज माफ करने का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया। गांवों में कैंप लगाकर उनमें सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने मांगों के समर्थन में नौ सूत्री ज्ञापन एसडीएम सदर दीपक कुमार के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा। जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी, पुरकाजी ब्लाक अध्यक्ष अजय त्यागी, सदर ब्लाक अध्यक्ष निखिल चौधरी, श्रवण त्यागी आदि ने भी पंचायत को संबोधित किया। जिलाध्यक्ष ने मंच से ही पुरकाजी महिला मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष आरती को जिला पंचायत चुनाव में सहयोग करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। इस मौके पर पवन त्यागी, आशीष शर्मा, समीर, प्रदीप, मौसम त्यागी, अय्यूब, नवाब, जवान सिंह, सुरेशचंद्र, इरतजा, कारी रिजवान, जावेद आदि कार्यकर्ता पंचायत में मौजूद रहे। पंचायत का संचालन युवा जिलाध्यक्ष अंकित गुर्जर ने किया।