रुड़की, भोपा की ओर से आने वाले वाहन
नेशनल हाईवे से रुड़की और भोपा की ओर से आने वाले किसानों के वाहन भोपा रोड से होते हुए नवीन मंडी कूकड़ा में खड़े होंगे। वहां से किसान नई मंडी से होकर पैदल जीआईसी के मैदान में पहुंचेंगे।
सहारनपुर की ओर से आने वाले वाहन
सहारनपुर की ओर से आने वाले किसानों के वाहन रुड़की रोड से होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। रुड़की, हरिद्वार की ओर से आने वाले किसान इस मार्ग से भी शहर में आ सकते हैं। उनके वाहन अस्पताल तिराहे और अंसारी रोड से होते हुए रेलवे यार्ड में खड़े होंगे। यहां से किसान पैदल जीआईसी मैदान में जाएंगे। रेलवे यार्ड में पार्किंग भर जाने की स्थिति में वाहनों को नवीन मंडी कूकड़ा में खड़ा किया जाएगा।
पंचायत स्थल तक वाहनों के जाने पर पाबंदी
जीआईसी के मैदान में किसान महापंचायत का आयोजन होगा। यहां तक कोई वाहन नहीं जाएगा। सरकुलर रोड, आर्य समाज रोड, महावीर चौक, प्रकाश चौक तक का क्षेत्र वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। यहां केवल पैदल ही जा सकते हैं।
महापंचायत में आएंगे पर घर नहीं जाएंगे राकेश टिकैत
भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि किसान महापंचायत में राकेश टिकैत गाजीपुर बॉर्डर से सीधे मंच पर पहुंचेंगे। उनके साथ संयुक्त किसान मोर्चा के बड़े नेता और अन्य किसान संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल होंगे। उधर, भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने जारी एक बयान में कहा कि तीन कृषि कानूनों की वापसी नहीं, तो घर वापसी, नहीं का प्रण ले रखा है।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने जारी एक बयान में बताया कि पांच सितंबर की किसान महापंचायत से सरकार डरी हुई और इसे डिस्टर्ब करने का प्रयास कर रही है। टिकैत ने मुजफ्फरनगर वासियों से अपील की है कि बाहर से आने वाले लोग हमारे मेहमान हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी सहयोग करें और पूरे देश के सामने मिसाल पेश करें। उन्होंने जनपदवासियों से कहा है कि आपके रिश्तेदार और जानने वाले आपके घर भी पहुंचेंगे, अपनी परंपरा के मुताबिक हमें मेहमाननवाजी के लिए तैयार रहना है।