अपहृत किशोरी बरामद, आरोपी भी दबोचा
मुजफ्फरनगर, छपार। चार माह पूर्व क्षेत्र के एक गांव से अपहृत किशोरी को पुलिस ने रविवार तड़के सहारनपुर मार्ग स्थित एक ढाबे से बरामद कर लिया है। अपहरण के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव सेे 18 मार्च को किशोरी लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव बिजोपुरा निवासी मोहित व उसके साथियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस अपहृत किशोरी की बरामदगी के लिए प्रयासरत थी। इसे लेकर ग्रामीण कई बार थाने का घेराव करते हुए हंगामा भी कर चुके थे। हाल ही में भाकियू ने भी किशोरी बरामद न होने पर आंदोलन की चेेतावनी दी थी। रविवार तड़के सहारनपुर मार्ग स्थित एक ढाबे पर अपहृत किशोरी व आरोपी के मौजूद होने की सूचना मिली। इस पर एसआई रविशंकर पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचकर किशोरी को सकुशल बरामद करने के साथ ही आरोपी मोहित को भी दबोच लिया। इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। आरोपी मोहित अपराधी किस्म का है, जिसके खिलाफ इससे पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं।