मुजफ्फरनगर। केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने संगठन के सामने अपने विकास कार्यों का लेखा जोख रखा। उन्होंने कहा कि अब वह प्रत्येक माह में एक दिन पार्टी कार्यालय पर बैठेंगे। बैठक में जिला संगठन के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और महामंत्री शामिल हुए।
रुड़की रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर रविवार को केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। जिला प्रभारी अरुण वशिष्ठ, जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सैनी, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष और महामंत्री के सामने संजीव बालियान ने अपने तीन साल के कार्यों का ब्यौरा रखा।
बालियान ने कहा कि भाजपा में संगठन ही सबसे ऊपर है। संगठन मजबूत होगा तो पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि जिले में 13 तालाबों को पक्का बनाने का काम चल रहा है। कितनी सड़कों का निर्माण कराया गया, सोलर टंकी लगाई गई, एलईडी लगाई, बिजली के काम कराए, ये सब संगठन के लोगों को बताया। किसी एडिड स्कूल को अनुदान नहीं दिया गया।
जिला प्रभारी अरुण वशिष्ठ ने कहा कि भाजपा इस वर्ष को पंडित दीन दयाल जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मना रही है। जिला, मंडल, बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी आम जन मानस को दी जाएगी। जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी ने कहा कि 10 से 25 मई तक प्रत्येक विधानसभा में दीन दयाल उपाध्याय जन शताब्दी कार्यक्रम होंगे। कार्यकर्ता दूसरे मंडलों से जाकर रात्रि प्रवास करेंगे। संचालन हरीश अहलावत ने किया। शरद शर्मा, देशबंधु तोमर, भूषण सिंह, सुनील दर्शन, रोहताश पाल, सुंदर पाल, प्रशांत देशवाल, कोमल सोम, सुधीर प्रजापति, दिनेश धीमान, नकुल उपाध्याय, सुक्कड सिंह, सुरेश आर्य, कुलदीप त्यागी आदि मौजूद रहे।