मुजफ्फरनगर। दिल्ली के बम धमाके में कश्मीरी डाॅक्टरों के मॉडयूल सामने आने के बाद जिला पुलिस ने जिले में रह रहे कश्मीरी लोगों के बारे में जानकारी व उनका रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया है। पुलिस ने जानसठ रोड पर एक फैक्टरी में काम करने वाले एक दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की व उनके आधार कार्ड आदि कागजात लिए हैं।
दिल्ली के लाल किले पर कार में हुए धमाके के मामले में कश्मीरी डाॅक्टरों की संलिप्तता सामने आई है। सहारनपुर व अन्य स्थानों से जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार की है। इसी के चलते जिला खुफिया विभाग टीम व पुलिस ने जिले में रहने वाले कश्मीर निवासी लोगों की तलाश शुरू की है।
सूत्रों का कहना है कि मुजफ्फरनगर जिले में कई स्थानों पर कश्मीर निवासी लोग व छात्र रहते है। मंसूरपुर के एक मदरसे व जानसठ रोड पर एक फैक्टरी में खुफिया विभाग टीम व पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की। फैक्टरी में काम करने वाले लोगों से आधार कार्ड लिए गए हैं। जिले की खुफिया विभाग की तीन टीम ऐसे लोगों के सत्यापन में लगी हैं।