शहीदों का पुण्य मंदिर है कारगिल स्मारक: जनरल गुरमीत सिंह
मोरना। राष्ट्रीय सैनिक संस्था के तत्वाधान में कारगिल शहीद स्मारक शुकतीर्थ में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को याद किया गया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत ने पुष्प चक्र चढ़ाकर शहीदों का नमन किया।
शुकतीर्थ गंगा घाट स्थित कारगिल शहीद स्मारक पर हुए कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि बच्चों के अंदर राष्ट्रीयता की भावना को जागृत करें। शुकतीर्थ कारगिल शहीद स्मारक स्वर्ण मंदिर जैसा है। शहीदों की इस भव्य धरोहर को संजोने वाले संत नागरिकों का हृदय से आभार है। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.वीरपाल निर्वाल ने कहा कि शहीदों के बलिदान से हम लोग सुरक्षित हैं। कारगिल शहीद स्मारक को भव्य बनाया जाएगा। भाजपा नेता अमित राठी ने कहा कि देश की सुरक्षा युवाओं के कंधों पर होती है। संचालन करते हुए प्रधानाचार्य कैप्टन प्रवीण सिंह ने कहा कि देश पर शहीद होने को गौरव भाग्यवानों को ही मिलता है।
अध्यक्षता कर रहे कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी ने कहा कि हम रहें ना रहें, शहीदों की देश सेवा सदैव जिंदा रहेगी। स्वामी भजनानंद महाराज ने कहा कि देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं। कैप्टन सुरेश त्यागी, कैप्टन ज्ञानेंद्र चेयरमैन, राजेंद्र राठी, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार, मांगेराम, जयपाल सिंह, प्रधानाचार्य पंकज माहेश्वरी, प्रधान राजपाल सैनी, विनोद शर्मा, आचार्य अजय कृष्ण ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इंटर कालेज भोकरहेड़ी एनसीसी कैडेटों ने कारगिल शहीद स्माकर पर पुष्प चढ़ाकर श्रंद्वाजलि दी।
जीर्णोद्धार के इंतजार में कारगिल शहीद स्मारक
मोरना। कारगिल युद्ध में शहीद हुए 527 जवानों की याद में शुकतीर्थ में कारगिल शहीद स्मारक शिक्षा ऋषि स्वामी कल्याण देव के सानिध्य में स्वामी ओमानंद महाराज और संत महात्माओं, नागरिकों से सहयोग से निर्माण कराया गया था। इस समय कारगिल स्मारक स्थल जीर्णशीर्ण हालत में है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने इस बार गंगा घाट पर आयोजित समारोह में कारगिल शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार कराए जाने के आश्वासन दिया है।