कपिल देव ने सीएम से की आरआरटीएस की मांग
मुजफ्फरनगर। राज्यमंत्री और सदर सीट से विधायक कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गोरखपुर मंदिर में भेंट करके उनसे रैपिड रेल के लिए धनराशि जारी करने की मांग की। ज्ञात रहे केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने भी सीएम को इस संबंध में पत्र लिखा था।
राज्यमंत्री कपिलदेव ने गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन करते हुए पूजा की। पूर्वांचल के सतत विकास के लिए आयोजित सेमिनार में जाने से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गोरखपुर के गोरक्षनाथ मंदिर में मुलाकात के दौरान कपिल देव ने जनपद के औद्योगिक विकास को लेकर चर्चा की। इस दौरान सीएम योगी से वार्ता करते हुए अग्रवाल ने उनको अवगत कराया कि आरआरटीएस (रैपिड रेल) का दिल्ली से मुजफ्फरनगर तक लाया जाना जिले के विकास के लिए, उद्योगों को गति प्रदान करने के लिए एवं गन्ने की मिठास को और अधिक करने के लिए अति आवश्यक है। अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस पर अपनी सहमति प्रकट करते हुए जल्द ही इसके लिए कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। ज्ञात रहे प्रदेश सरकार से पैसा जारी नहीं होने के कारण प्रोजेक्ट रुका हुआ है। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने भी इस संबंध में सीएम को पत्र लिखा है।