खतौली कस्बे से होकर निकला शिवभक्तों का जत्था।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
खतौली। गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर कांवड़िये बढ़ रहे हैं। कांवड़ पटरी सहित मुख्यमार्ग पर बम-बल भोले के जयकारे लग रहे हैं।
फाल्गुनी कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। हरकी पौड़ी से जल लेकर शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। हाईवे और नहर पटरी पर हर ओर कांवड़ियों की कतार देखने को मिल रही है। नहर पटरी पर सुविधा नहीं मिलने के कारण कांवड़ियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शिवभक्त राहुल, अमित, जितेंद्र, रविंद्र आदि का कहना है कि कांवड़ पटरी मार्ग पर पेयजल की परेशानी है। इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था भी नहीं है। कस्बे में गंगनहर पुल के समीप बने पिकनिक प्वाइंट को देखने के लिए कुछ देर कांवड़िये रुक रहे हैं।
पुलिस ने कावड़ियों को फल वितरित किए
मंसूरपुर। थाने के सामने नेशनल हाईवे पर कांवड़ लेकर गुजर रहे शिवभक्तों को मंसूरपुर थाना प्रभारी के साथ अन्य पुलिसकर्मियों ने फल वितरित किए। सभी होटलों और चाय की दुकानों के मालिकों को निर्देश दिए कि वे कावड़ियों के साथ अच्छा बर्ताव करें तथा खाद्य पदार्थों की उचित कीमत लें।