मोरना। महाशिवरात्रि पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए आ रहे शिव भक्तों की वजह से मोरना क्षेत्र के मार्ग भक्तिमय हो गए हैं। ग्रामीण भी भंडारों में आने वाले कांवड़ियों की सेवा करने में लगे हैं।
मोरना क्षेत्र में आए जिला बुलंदशहर, सिकंदराबाद, हापुड़, अलीगढ़, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर आदि क्षेत्रों से आने वाले कांवड़िये आगे बढ़ रहे हैं। हापुड़ के गांव गोहरा की रुचि, अंकित, प्रेमकुमार, विकास, महावीर, सिंकदराबाद निवासी सरिता, महावीर, नीरज, विनय, सोरणसिंह आदि कांवड़िये केसरिया वेष में दिखाई पड़ रहे हैं। भोपा थाना प्रभारी, ककरौली थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के मार्गों से गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था बनाने में लगे हुए हैं। वहीं भोकरहेड़ी बस स्टैंड, गांव छछरौली, चौरावाला, बेहड़ा सादात, जड़वड़ कटिया, दरियापुर, खरपौड़ आदि गांवों के ग्रामीणों ने भंडारे आयोजित कर आने वाले कांवड़ियों की सेवा में जुटे हैं। मोरना विकास खंड अधिकारी प्रभात श्रीवास्तव ने बताया कि स्वास्थ्य टीमों को शिविर और मार्गों पर ड्यूटी करने को निर्देशित किया गया है, ताकि आने वाले कांवड़ियों को परेशानी न हो सके। वही अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी भी निगरानी के लिए लगाई गई है। वहीं, सीओ भोपा रने बताया कि चौराहों, बस स्टैंड, मार्गो आदि से गुजरने वाले कांवड़ियों को प्रभावित करने वाले चीजों को हटाया जा चुका है।
शिवालयों में जलाभिषेक को लेकर तैयारियां शुरु
खतौली। महाशिवरात्रि का पर्व पर मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिरों की साफ सफाई कराई गई है। श्री झारखंड महादेव शिवालय, शिवमूर्ति, थानेश्वर महादेव मंदिर, ताराचंद शिवालय, नागेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा। मंदिरों में समिति की ओर से मंदिरों की सफाई कराई जा रही है। समिति की ओर से महाशिवरात्रि के दिन भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। भगवान आशुतोष के जलाभिषेक के लिए काफी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर हाईवे और जीटी रोड से जयघोष के साथ गुजर रहे हैं। मंगलवार को सीओ, इंस्पेक्टर ने कांवड़ियों की रात में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं।