पत्रकारों से वार्ता करते भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा में पुलिस ने एसीजेएम की अदालत में पेश किया। अगली तारीख 12 मार्च लगाई गई है। इस दौरान कमल वालिया ने दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंसा के लिए सरकार जिम्मेदार है। यह सरकार न्यायपालिका का भी हनन कर रही है। यही कारण है कि अपने नेताओं की गर्दन फंसती देख रातों रात जस्टिस एस मुरलीधर का ट्रांसफर कर दिया गया।
कासिमपुरा प्रकरण को लेकर भीम आर्मी के राष्ट्रीय महासचिव कमल वालिया को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा में शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे एसीजेएम की अदालत में पेश किया, लेकिन जज के छुट्टी पर होने के चलते पेशी के लिए अगली तारीख 12 मार्च लगाई गई है। अदालत से बाहर आए कमल वालिया ने दिल्ली हिंसा पर कहा कि वहां जो कुछ हुआ वह बेहद दुखद है। इस सबके लिए केंद्र की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। इस सरकार ने देश के हालात बद से बदतर कर दिए हैं। इतना ही नहीं अब यह न्यायपालिका का हनन भी कर रही है। दिल्ली हिंसा में बीजेपी नेताओं पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश देने वाले जस्टिस एस मुरलीधर का रातों रात ट्रांसफर कर दिया गया। वालिया ने कहा कि भारतीय संविधान सभी धर्मों के मानने वालों को संरक्षण व समानता का अधिकार प्रदान करता है। सीएए, एनपीआर और एनआरसी पर उन्होंने विरोध प्रकट करते हुए कहा कि दिल्ली शाहीन बाग और देवबंद में आंदोलन कर रहीं मां बहनों को भीम आर्मी का पूर्ण समर्थन है। शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रकट करने का अधिकार संविधान ने हमें दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार दलित मुस्लिम भावना से कार्य कर रही है और धर्म जाति के नाम पर लोगों को गुमराह कर उन्हें लड़ा रही है। कमल वालिया ने प्रोन्नति में एससी/एसटी व ओबीसी का आरक्षण खत्म किए जाने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश को भी संविधान की मूल भावना के विपरीत बताया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से जस्टिस एस मुरलीधर का ट्रांसफर होने को लेकर आवाज बुलंद करने को कहा। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दीपक बौद्ध, देवबंद विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शौर्य आंबेडकर, अनिल, अजय, अविनाश आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।