फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं दिखा जोश, कम पड़े वोट

Sat, 13 Feb 2016 11:53 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। शहर विधानसभा सीट के लिए शनिवार को सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ मतदान शांतिपूर्ण रहा। क्षेत्र के कुल 46.7 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। विधानसभा क्षेत्र के सभी 88 मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती रही। सुबह के समय धीमी गति से चलने के बाद मतदान दोपहर बाद बढ़ा। दोपहर बाद कमिश्नर और डीआईजी समेत तमाम आला अफसरों ने मतदान स्थलों का जायजा लिया। दिनभर बूंदाबांदी से कई बार चुनाव प्रभावित हुआ।
विज्ञापन


चितरंजन स्वरूप के निधन के बाद खाली हुई शहर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में  तीन लाख 35 हजार 594 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था, जिनमें से 46.7 प्रतिशत मतदाताओं ने ही वोट डाले। सुबह मतदान की गति धीमी रही। दस बजे तक दस प्रतिशत मतदान भी नहीं हो पाया था। ठंड के कारण दोपहर 12 बजे के बाद मतदान ने गति पकड़ी। चार बजे तक 42 प्रतिशत वोट पड़े।

बीच-बीच में रुक-रुककर हो रही बारिश का भी मतदान पर प्रभाव पड़ा। चुनाव में खास बात यह रही कि अफवाहों पर पूरी तरह से विराम रहा। वोटरों की खामोशी आखिर तक बरकरार रही। मतदान के दौरान गांधी कालोनी के केंद्र पर हंगामे घटना को छोड़कर पूरा चुनाव शांतिपूर्वक हुआ। चुनाव में कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए सभी 88 मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी।
विज्ञापन


312 में से किसी भी बूथ पर किसी तरह की गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं आई। कमिश्नर एमपी अग्रवाल और डीआईजी एके राघव चुनाव आयोग के आदर्श मतदान केंद्र चौधरी छोटूराम डिग्री कालेज और दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कालेज का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्था का जायजा लिया। चुनाव प्रेक्षक सुरेंद्र सिंह ने भी स्वयं कई बूथों का निरीक्षण किया। डीएम निखिलचंद्र शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह लगातार राउंड पर रहे। उन्होंने अधिकतम केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं परखी। इसके अलावा पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें भी लगातार भ्रमण करती रही। चुनाव शांतिपूर्ण निपटने से अफसरों ने भी राहत की सांस ली।

चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया था। यहां बुजुर्गों के बैठने के लिए कुर्सी, पानी आदि की व्यवस्था की गई थी। इस मतदान केंद्र को आयोग से सीधा जोड़ा गया था। इंटरनेट के जरिए आयोग यहां की गतिविधियों को सीधे देख रहा था। जैन डिग्री कॉलेज और नईमंडी के बूथों पर कार्यकत्रियों को बैठने तक के लिए कुर्सी नहीं मिली। सुबह छह बजे से शाम पांच बजे तक इन कर्मचारियों को खड़े होकर ड्यूटी देनी पड़ी।

प्रत्याशियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप, बीजेपी प्रत्याशी कपिलदेव अग्रवाल, रालोद प्रत्याशी मिथलेश पाल और कांग्रेस प्रत्याशी सलमान सईद ने भी अपने मत का प्रयोग किया। सभी प्रत्याशी अपने परिवार के साथ वोट डालने के लिए पहुंचे। भाजपा नेत्री अनुराधा चौधरी ने भी जैन डिग्री कालेज पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें