कृष्णापुरी में घर से लाखों के जेवरात चोरी
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला कृष्णापुरी में साइकिल सवार दो लोगों ने घर में घुसकर लाखों कीमत के सोने के जेवरात व चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी प्रतीक जैन ने तहरीर देकर बताया कि वे मंगलवार को परिजनों के साथ रिश्तेदारी में गए थे। आरोप है कि शाम के समय साइकिल सवार दो लोग घर के मेन गेट के ताले खोलकर अंदर घुसे और कमरों में रखी अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे दो सोने के सेट, दो सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठी, सोने के टॉप्स और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। चोरी किए गए जेवरात की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। चोरी को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं, जो दिखने में गलियों में घूम-घूमकर तालों की चाबी बनाने वाले सरदार प्रतीत हो रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।