मुजफ्फरनगर के जानसठ में ज्वैलर्स की दुकान, जिसमें बदमाशों ने लूटपाट की।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सराफ और नौकर को बंधक बनाकर ज्वेलरी शॉप लूटी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में रविवार शाम दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने सराफ व उसके नौकर, ग्राहकों को बंधक बनाकर एक ज्वेलरी शॉप को लूट लिया। बदमाशों ने यहां से करीब 25 किलो चांदी व सोने के जेवरात लूट लिए और भागते समय कई राउंड फायरिंग की, जिससे बाजार में दहशत फैल गई। पुलिस बदमाशों की तलाश में देर रात तक तालड़ा बाईपास के जंगलों में कांबिंग कर रही है।
गांव खलवाड़ा निवासी बबलू सैनी उर्फ जगत सिंह जानसठ के मोहल्ला हुसैनपुरा के मुख्य बाजार में खुशी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। दुकान पर कस्बे का ही गौतम नौकरी करता है। रविवार शाम करीब 4.25 बजे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश दुकान पर पहुंचे और भीतर घुसते ही पिस्टल लगाकर सराफ बबलू, गौतम व दुुकान में मौजूद चार ग्राहकों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद दुकान में रखी बड़ी तिजोरी खुलवाकर उसमें रखे चांदी व सोने के जेवरात थैलों में भर लिए और फायरिंग करते हुए मुख्य मार्ग से होकर तालड़ा बाईपास से होते हुए फरार हो गए। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है।