चरथावल बिजलीघर पर जेई का घिराव करते किसान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। चौकड़ा और दधेडू में जर्जर तारों की लाइन टूटकर गिरने से किसानों की ईख जलने पर भाकियू नेता भड़क उठे। भाकियू के पूर्व तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में बिजलीघर जेई का घेराव करते हुए उन्हें चौकड़ा के जंगल में जर्जर तारों का निरीक्षण कराया।
मंगलवार शाम को चौकड़ा में कन्नू त्यागी और दधेडू में रियासत त्यागी के खेतों में जर्जर बिजली के तार टूटने से ईख की फसल जलकर राख हो गई थी। इसी मुद्दे पर बुधवार को किसानों को गुस्सा भड़क उठा। भाकियू नेता विकास शर्मा के नेतृत्व में चरथावल बिजली घर पर किसानों ने जेई सुजीत कुमार का घेराव किया और फसल के मुआवजे की मांग की। इस दौरान किसानों ने जेई को खरी खोटी सुनाई और जेई को चौकड़ा के जंगल में जर्जर और ढीले पड़े तारों को मौके पर दिखाया। जेई ने कर्मचारियों द्वारा तारों को खिंचवाया।
पावटी गांव में खेतों में जर्जर तारों के टूटने से आए दिन फसलों के नुकसान की शिकायत वहां के लोगों ने की। जेई को पावटी ले जाकर जर्जर लाइन का मुआयना कराया। पावटी के लाइनमैन पर किसानों का शोषण करने का आरोप जड़ा और उसे हटाने की मांग की गई। जेई ने पीड़त किसानों से ईख की फसल का मुआवजा फार्म मिलने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। बिन्नू त्यागी, सलीम पुंडीर, दानिश त्यागी प्रधान पुत्र पावटी, नीटू त्यागी, पवन त्यागी, अभिषेक बंसल, लोकमणि त्यागी, कन्नू त्यागी, सतीश ठाकुर, नीरज शर्मा और नावेद मौजूद रहे।