खतौली की मार्केट बिद्दीवाड़ा में पालिका कर्मचारियों ने जेसीबी से दुकानों के टीन शेड. बोर्ड और स्लैब तक को तोड़कर तहस-नहस कर दिया। कई दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी। पालिका कर्मचारी दुकानदारों का सामान उठाकर पालिका में ले गए। अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर दुकानदारों में अफरातफरी मची रही। अतिक्रमण हटाने के दौरान पूरा बाजार बंद रहा।
शुक्रवार को एसडीएम अतुल कुमार ने तहसीलदार अमित कुमार, सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह, इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज पुलिस बल के साथ पालिका ईओ ओम गिरि व पालिका कर्मचारियों को साथ लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत जीटी रोड से की गई।
कोतवाली से लेकर जानसठ तिराहे के पास तक अतिक्रमण करने को लेकर एक-एक हजार रुपये की जुर्माना रसीद काटी गई। इसके बाद नगर की मेन मार्केट बिद्दीवाड़ा में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में पालिका कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटवाने के लिए जेसीबी से दुकानों को ध्वस्त कराया।
इससे दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। धीरे धीरे दुकानों के आगे के स्लैब, टीन शेड और बोर्ड को तुड़वा दिया गया। पालिका कर्मचारियों ने दुकानों का सामान भी जब्त कर लिया और पालिका में जमा करा दिया। जेसीबी ने दुकानदारों का सामान भी तहस नहस कर दिया।
दुकानों की दशा सुधारने में एक सप्ताह लगेगा
बिददीवाड़ा मार्केट में अतिक्रमण हटवाने के कारण काफी सामान भी तहस नहस हो गया। ऐसे में दुकानदारों को दुकानों की दशा सुधारने में एक सप्ताह का समय लगेगा। दुकानदारों ने कभी भविष्य में भी नहीं सोचा होगा कि प्रशासन की ओर से इस तरह अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
उधर, नगर में पहली बार ऐसा अतिक्रमण हटवाया गया कि दुकानदारों को हमेशा यादगार रहेगा। प्रशासन ने पूर्व में कई बार अतिक्रमण हटवाया, लेकिन नालों पर डाले गए मात्र स्लैबों का सड़क पर रखे सामानों को हटवाकर अतिक्रमण हटाओ अभियान की इतिश्री कर दी जाती थी।
ग्राहकों में मायूसी देखी गई
बिददीवाड़ा मार्केट नगर की ऐसी मार्किट है, जिसमें हर सामान मिलता है। इस बाजार में दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रहती है। शुक्रवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान दुकानदारों ने अपनी सभी दुकानों को बंद कर दिया था। मार्किट में ग्राहक सामान खरीदने पहुंचे, लेकिन बाजार बंद होने से ग्राहकों में मायूसी देखी गई। बना सामान खरीदे ही घर लौट गए।
विरोध करने पर व्यापारी को हिरासत में लिया
खतौली। बिद्दीवाड़ा बाजार में अतिक्रमण हटवाने को लेकर कपड़ा व्यापारी राशिद ने हंगामा करते हुए विरोध खड़ा कर दिया। व्यापारी ने जेसीबी के सामने लेटने का भी प्रयास किया था। व्यापारी का कहना था कि पालिका ईओ एकपक्षीय कार्रवाई करा रहा है। बाजार में कई दुकानों अतिक्रमण नहीं हटवाया गया।
विरोध करने पर पुलिस व्यापारी को पकड़ करके थाने ले गई। शाम के समय व्यापारी को थाने से छोड़ दिया गया। उधर, दुकानदार मनोज ने ईओ पर आरोप लगाया कि उसकी दुकान का सामान नालों से करीब दो फुट पीछे रखा था।
इसके बावजूद गलत तरीके से पालिका ने एक हजार रुपये की जुर्माना रसीद काट दी। जबकि अन्य दुकानदारों का नाले पर सामान रखा था, उनसे जुर्माना वसूला नहीं गया है। ईओ ने पक्षपात की कार्रवाई की है।