मुजफ्फरनगर। जाट महासभा मुजफ्फरनगर 27 सितंबर को होने वाले प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। महासभा के अध्यक्ष धर्मवीर बालियान के आवास पर हुई कार्यकारिणी बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।
समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल में 80 फीसदी या अधिक और इंटरमीडिएट में 75 फीसदी या अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसी तरह, सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल में 90 फीसदी या अधिक और इंटरमीडिएट में 85 फीसदी या अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी सम्मान के पात्र होंगे।
खेल के क्षेत्र में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा। समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच व्यक्तियों को जाट गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा। इस वर्ष जाट समाज के अतिरिक्त अन्य समाजों के दो व्यक्तियों को भी उनके देश और समाज के प्रति महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है।
समारोह की अध्यक्षता चौधरी नरेश टिकैत, चौधरी बालियान खाप करेंगे। मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक जेसमीन फौजदार होंगी। बैठक में अध्यक्ष धर्मवीर बालियान, जयवीर सिंह, राकेश बालियान, राहुल पंवार, विनीत बालियान, संदीप मलिक, नीरज बालियान, विराज तोमर, परविंदर दहिया, यशपाल सिंह मौजूद रहे।