शहर के हर चौराहे पर जाम, जहां से निकले वहीं फंस गए
मुजफ्फरनगर। शहर के प्रमुख चौराहों पर सोमवार को जाम की स्थिति रही। वाहन चालक जिधर से निकले, वहीं फंस गए। अहिल्याबाई चौक पर जाम से निकलना मुश्किल रहा। महावीर चौक और शिव चौक पर दिनभर जाम रहा। यातायात पुलिस को जाम ख्ुालवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मेरठ-रुड़की रोड पर कई जगह जाम की स्थिति बनीं रही। जिला अस्पताल के सामने अहिल्याबाई चौक पर वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया। तिराहे पर दिन में बार-बार जाम लगता रहा, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भी मुश्किल हुई। सरवट चौराहे तक वाहनों की कतार लग गई।
शहर के शिव चौक पर दोपहर के समय जाम की स्थिति रही। आसपास प्रमुख बाजार होने के कारण यहां खरीदारी के लिए लोग पहुंचते हैं। वाहनों की अधिकता के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। मीनाक्षी चौक से सरवट चौराहे तक कई बार वाहनों की कतार लगी, जिससे यातायात पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
शहर के महावीर चौक पर भी जाम में वाहन फंसे रहे। जानसठ रोड, प्रकाश चौक की ओर जाने वाले मार्ग से निकलना मुश्किल हो गया।
जाम के कारण परेशानी
शहर के केशवपुरी निवासी सतीश कुमार का कहना है कि वह एसडी मार्केट में सामान खरीदने आए थे। गाड़ी जाम में फंस गई, जिस कारण परेशानी उठानी पड़ी। काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
अस्पताल जाना हुआ मुश्किल
भोपा निवासी सरोज ने बताया कि वह अस्पताल में दवा लेने गई थी। ई-रिक्शा अहिल्याबाई चौक पर जाम में फंस गई। यहां से निकलना मुश्किल हो गया। अस्पताल के सामने होने के बावजूद पहुंचने में काफी समय लग गया।
ई-रिक्शा पर नहीं नियंत्रण
शहर के अंकित विहार निवासी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि महावीर चौक पर जाम लग जाता है। ई-रिक्शा सड़क पर खड़ी होती है। पुल के आसपास से गुजरने वाले वाहन जाम में फंस जाते हैं। पुलिस को यहां सख्त इंतजाम करने चाहिए।
स्कूल खुलने के बाद वाहन बढ़े
स्कूल खुलने के बाद सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है। सुबह स्कूल जाने और शाम को छुट्टी के समय जाम लग जाता है।
पुलिस की कमी भी खल रही
जिले में पुलिसबल कम है। चुनावों में पुलिस गई हुई है, जिस कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित नजर आ रही है।
मुजफ्फरनगर के महावीर चौक पर दोपहर दो बजे लगे जाम के दौरान जानसठ पुल से गुजरता ओवर लोड वाहन ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर के महावीर चौक पर दोपहर दो बजे लगे जाम से हलकान हुए वाहन सवार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR