मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर होकर जम्मू जाने वाली शालीमार व उधमपुर एक्सप्रेस के लगातार रद्द रहने के कारण माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालु परेशान हैं। दोनों ट्रेनों के रद्द रहने का व्यापार पर भी असर पड़ा है।
राजस्थान के बाडमेर से रोजाना शाम के समय जम्मू जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस व प्रयागराज के सूबेदारगंज से जम्मू जाने वाली ट्रेन में जिले भर से काफी श्रद्धालु माता वैष्णाे देवी के दर्शन करने के लिए जाते थे। काफी लोग तो ऐसे भी है जो समूह बनाकर जाते थे। यह दोनों ट्रेन अगस्त माह में जम्मू में हुए हादसे के बाद से रद्द चल रही हैं। इन ट्रेनों में नगर के काफी व्यापाारी पंजाब के लुधियाना शहर से कपड़े लाते थे। इन लोगों को वहां से माल लाने भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों ट्रेनों का संचालन शुरू कराने के लिए माता के भक्तों ने कई बार रेलवे अधिकारियों को पत्र भेजकर मांग भी की। व्यापारी दीपक भाटिया, पारस, घनश्याम भगत बताते है कि वह अपने परिचितों, पड़ोसियों के साथ समूह बनाकर एक साल में तीन बार माता के दर्शन करने के लिए जाते थे। मुजफ्फरनगर से होकर दो ट्रेन ही जम्मू के लिए जाती थी और दोनों ही रद्द चल रही हैं। सभी ने दोनों ट्रेनों का संचालन जल्द शुरु कराने की मांग की।