ईद की खरीदारी के कारण बाजारों में रही जाम की स्थिति
मुजफ्फरनगर। बकरीद के चलते बाजारों में भारी भीड़ रही। शहर में कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी रही। भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। मुस्लिम समाज की महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में बाजार में दिखाई दिए।
दो दिन बाजार बंद रहने और बकरीद के त्योहार को लेकर बाजार में काफी भीड़ रही। शहर में मीनाक्षी चौक से लेकर शिव चौक तक पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। भगत सिंह रोड, दाल मंडी, लोहिया बाजार, एसडी मार्केट में अधिक भीड़ रही। मुस्लिम महिलाओं और बच्चों में बकरीद पर खरीदारी का क्रेज दिखाई दिया। शहर में जूतों और रेडीमेड की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। किराना की दुकानों पर भी ग्राहकों की लाइनें लगी रहीं। बाजारों में भीड़ के कारण सोशल डिस्टेंसिंग को पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया। शहर के बाजारों में कई स्थानों पर सड़कें टूटी हुई हैं। कुछ जगह पालिका, तो कहीं जल निगम और कहीं पर एमडीए का कार्य चल रहा है। आम आदमी को सड़कों के टूटने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।