जिला कारागार का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम और एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर में अपराधी को जेल जाना होगा या फिर जिले से बाहर। थानेदारों को 24 घंटे में पीड़ित को संतुष्ट करना होगा। महिला अपराध को ज्यादा गंभीरता से लिया जाएगा। एसएसपी बबलू कुमार ने पहली प्रेसवार्ता में अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं।
उन्होंने जनता को बेहतर पुलिसिंग देने का वादा किया है। जिले का पदभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को एसएसपी मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि अपराधी को शराफत से रहना होगा, नहीं तो उसे जेल जाना पड़ेगा या फिर जिले से बाहर का रास्ता खुला है। सट्टा, वाहन कटान, गोकशी आदि धंधे पहले ही बंद हैं, जो आगे भी बंद रहेंगे। एसओ को 24 घंटे के भीतर पीड़ित को संतुष्ट करना होगा।
महिलाओं से होने वाले अपराधों को गंभीरता से लिया जाएगा। घटना को बड़ी बनने से पहले ही उसे कंट्रोल किया जाएगा। फेसबुक और व्हाट्सअप पर गलत टिप्पणी करने और उसे वायरल करने पर एडमिन और वायरल करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।
क्रॉसकेस किसी भी हालत में नहीं लिखा जाएगा, यदि दोनों पक्षों में मारपीट की बात सामने आती है तो पुलिस जांच के बाद दोनों की रिपोर्ट लिखी जाएगी। जिले की साइबर क्राइम और सर्विलांस टीम की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों टीमें अच्छी हैं। उन्होंने शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने और अतिक्रमण हटवाने की बात कही। जिले के लोगों को बढ़िया पुलिसिंग दी जाएगी।