मुजफ्फरनगर। देहात में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने हर गांव के स्कूल में आइसोलेशन वार्ड बनाने का निर्णय लिया है। अनेक ग्रामों में वार्ड बनाने शुरू हो गए है। पांच बेड वाले इस वार्ड में लक्षण पाए जाने वाले ग्रामीण आइसोलेट होंगे। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उन्हें वहीं पर दवाई उपलब्ध कराएंगी। उधर, प्रशासन ने हर गांव में रोजाना दवाई की 20 किट बांटने और पूरे जनपद में प्रतिदिन दस हजार किट वितरित करने का लक्ष्य रखा है।
पंचायत चुनाव के बाद देहात में लगातार कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। अब शहर से ज्यादा मरीज देहात में मिल रहे हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने जहां सीएचसी, पीएचसी पर दस-दस बेड और ऑक्सीजन का इंतजाम किया है। वहीं अब हर गांव के परिषदीय विद्यालय में एक आइसोलेशन वार्ड बनाने का निर्णय लिया है। पांच बेड के वार्ड में वो ग्रामीण आइसोलेट हो सकते है, जिन्हें लक्षण देने लगे और उन्हें अकेले घर में रहने की सुविधा नहीं है। ऐसे लोग यहां आकर आइसोलेट होंगे।
इनको दवाई गांव में कार्यरत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपलब्ध कराएंगी। स्कूलों में बिजली, पानी, शौचालय आदि की व्यवस्था है। साथ ही आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गांव में भ्रमण कर रोजाना कम से कम 20 लोगों को दवाई की किट भी वितरण करेगी।
- गांव के स्कूलों में पांच बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाना शुरू हो गया है। यहां लक्षण वाले ग्रामीण आइसोलेट हो सकते है। उनको दवाई भी आशा उपलब्ध कराएंगी। जिले के सभी गांव में रोजाना दस हजार दवाई की किट बांटने का लक्ष्य रखा गया है, जो रोजाना बांटी जा रही है। - अमित सिंह, एडीएम प्रशासन
पुरबालियान में बनाया गया आइसोलेशन वार्ड
मंसूरपुर। कोरोना के बढ़ते हुए संक्रमण को देखते हुए पुरबालियान में अंबेडकर भवन में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। प्रधान पति शोकत ने बताया कि इस समय आइसोलेशन वार्ड में छह बेड की व्यवस्था की गई है। ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर और बेड की संख्या बढ़ा दी जाएगी। गंभीर अवस्था में प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा।
डीएम ने किया क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बुधवार को जानसठ के ग्राम मेहलकी में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर व कोविड कैंप का निरीक्षण किया। इसके पूर्व उन्होंने ग्राम चांदपुर तगायान में कोविड कैंप सेंटर और डोर-टू डोर सर्वे कर रही टीम के साथ संवाद कर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने मंसूरपुर में होम आइसोलेट व्यक्तियों, परिवारों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनको दी जा रही सुविधाओं, दवाइयों व अन्य व्यवस्थाओं के बारे के जानकारी ली। डीएम ने मुस्तफाबाद में लगाए गए कोविड कैंप का निरीक्षण कर अधिकारियों व चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान सीडीओ आलोक यादव, एसडीएम आदि मौजूद रहे।