मुजफ्फरनगर। नगर पालिका की दुकानों की किराया एवं प्रीमियम बढ़ोतरी के मामले में गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट मंगलवार को चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल को सौंप दी है। पालिका अध्यक्ष ने जांच के बाद ही दुकानदारों से इस संबंध में कोई वार्ता करने की बात कही थी। इस रिपोर्ट के बाद चेयरपर्सन और व्यापारियों के बीच वार्ता का रास्ता साफ हो गया है।
नगर पालिका के 17 बाजारों की करीब 509 दुकानों की किराया एवं प्रीमियम बढ़ोतरी को लेकर विवाद चल रहा है। इसके साथ ही शिकमी एवं वारिसान किरायेदारों के मामले भी हैं। नगर पालिका के दुकानदार कमिश्नर के आदेश का अनुपालन करने के साथ ही विवादों का निस्तारण करने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए वे नगर पालिका और चेयरपर्सन आवास पर प्रदर्शन भी कर चुके हैं और एक व्यापारी ने आत्मदाह की धमकी भी दी थी। चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने 23 जनवरी को ईओ समेत नगर पालिका के सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कमेटी बनाकर दुकानों के प्रकरण पर स्पष्ट आख्या मांगी थी। ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी का कहना है कि चेयरपर्सन को रिपोर्ट दे दी गई है। उधर, चेयरपर्सन का कहना है कि वह अभी शहर में नहीं है। हो सकता है कि आज रिपोर्ट दी गई हो।