अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह दबोचा
मुजफ्फरनगर। शाहपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार हो गया। चोर गिरोह के पास से चोरी की एक दर्जन बाइक बरामद की गईं हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि शाहपुर थाना पुलिस रविवार देर रात मीरापुर चौकी क्षेत्र में बाईपास पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर आते पांच युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। इनमें से चार युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया, जबकि एक फरार हो गया। एसपी देहात ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से बरामद दोनों बाइकें जांच में चोरी की पाई गईं। तलाशी में उनके पास से दो तमंचे-कारतूस भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य पाए गए, जिनकी निशानदेही पर उनके घरों से चोरी की दस और बाइक बरामद की गईं। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी जनपद व आसपास क्षेत्र के साथ ही दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा तक से बाइक चोरी करते थे। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। वहीं, फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।
शहर के ही रहने वाले हैं आरोपी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शहर के ही रहने वाले हैं। जिनमें फैज निवासी मोहल्ला कूंगर पट्टी सूजडू, जीशान निवासी मोहल्ला कस्सावान खालापार, राजिक निवासी मॉडल टाउन सरकुलर रोड तथा आसिफ निवासी मोहल्ला दीन मोहम्मद सूजडू शामिल हैं। जबकि एक आरोपी आशु निवासी मोहल्ला दीन मोहम्मद सूजडू अभी फरार है।
सभी के काम तय होते थे
शाहपुर। अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य चोरी के वाहनों के चेसिस नंबर बदलकर फर्जी कागजात के माध्यम से उन्हें बेच देते थे। एसओ शाहपुर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चोर गिरोह के सभी सदस्यों के काम तय थे। इनमें से आसिफ व फरार आरोपी आशु पर दिल्ली व आसपास क्षेत्र से बाइक चोरी कर लाने की जिम्मेदारी थी। फैज व राजिक बाइक के इंजन व चेसिस नंबर बदलकर उनके फर्जी कागजात तैयार करते थे। वहीं, जो बाइक बेची नहीं जा सकती थी, उन्हें आरोपी जीशान द्वारा काटकर कबाड़ में बेच दिया जाता था।