पुरकाजी पुलिस और क्राइम ब्रांच ने पुरकाजी के पास से मुठभेड़ के दौरान सरिया लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जेे से लूटा गया सात लाख रुपये का 15 क्विंटल सरिया, दो ट्रक, अवैध असलहा बरामद किया है। पकड़े गए बदमाशों ने विभिन्न जिलों की सरिया लूट की आठ घटनाओं को कबूला है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और माल खरीदने वालों की तलाश में जुटी है।
एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस लाइन के सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता में पकड़े गए लुटेरों के बारे में जानकारी दी। बताया कि पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान सात बदमाशों संधावली निवासी शहजाद पुत्र सगीर, फिरोज पुत्र इरशाद, इस्लाम पुत्र जाकिर, सुजडू निवासी नौशाद पुत्र महमूद, शाहिद पुत्र खुरशेद, शादाब पुत्र अजीज तथा खतौली निवासी साजिद उर्फ बच्ची पुत्र शरीफ को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लूटा गया सात लाख रुपये की कीमत का 15 क्विंटल सरिया, दो ट्रक, कैराना से लूटा गया जनरेटर, चार तमंचे और दो चाकू बरामद हुए।
निर्माणाधीन इमारतों में करते थे लूटपाट
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह निर्माणाधीन बिल्डिंगों को टारगेट बनाकर सरिया लूटते थे। पहले रैकी करते थे। इसके बाद सभी संधावली बाईपास पर एकत्र होकर मौके पर जाकर लूटपाट करते थे। उन्हें पता रहता था कि निर्माणाधीन इमारतों में रात को चौकीदार के अलावा कोई नहीं होता।
ये बदमाश एक साथ एक दर्जन से अधिक की संख्या में पहुंचकर चौकीदार को बंधक बनाकर साथ में लाकर ट्रकों में सरिया लूटकर ले जाते थे। गिरोह के कुछ सदस्य लूटे गए माल को रखने और कुछ बेचने का कार्य करते हैं। सुजडू निवासी शाहिद और पुरबालियान निवासी श्यामवीर पुत्र मुरारी सरिया बिकवाते थे।
सरिया लूट की आठ घटनाओं का खुलासा
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने सरिया लूट की आठ घटनाओं को खुलासा हुआ। गिरोह ने 25 दिसंबर को पुरकाजी में, 18 दिसंबर को भोपा में 3 मार्च को खतौली में, 25 मार्च को रजबपुर अमरोहा में, 3 मार्च को कैराना में, 8 अप्रैल को संभल में, 12 अप्रैल को गुलावटी में तथा 19 मार्च को सहारनपुर के नांगल क्षेत्र में सरिया लूट की घटनाओं का इकबाल किया है। इन बदमाशों ने उत्तराखंड में भी सरिया लूट की घटनाएं की।
छह बदमाश फरार घोषित
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल छह बदमाश आड़वाणी पुत्र राजबल निवासी संधावली, जाकिर पुत्र मन्ना निवासी चरथावल, सुजडू निवासी गुलशेर, रितिक, शामली निवासी महबूब और पुरबालियान निवासी श्यामबीर पुत्र मुरारी की पुलिस को तलाश है, जिसके लिए दबिश दी जा रही हैं।
माल खरीदने वाले को पकड़ा जाएगा
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि ये बदमाश काफी समय से सरिया लूटने की घटनाएं कर रहे थे। पूछताछ में कुछ लोगों के बारे में जानकारी मिली है, जो इनसे केवल 17 रुपये किलो के हिसाब से सरिया खरीदते थे। उनको भी गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाएगा।
डीआईजी ने दिया 12 हजार का इनाम
मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने बताया कि डीआईजी की ओर से पुलिस टीम को इस सराहनीय कार्य के लिए 12 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है। टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी सुनील शर्मा, स्वॉट प्रभारी प्रवेश कुमार, पुरकाजी इंस्पेक्टर बीपी यादव, उप निरीक्षक रईश खान, सिपाही अफजाल अहमद, दीपक कुमार, सोनू शर्मा, जितेंद्र त्यागी, गुरनाम, अमित कुमार शामिल रहे।
व्यापारी ने टीम को कटघरे में खड़ा किया
मुजफ्फरनगर। संभल के पीड़ित व्यापारी विकास अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर पुलिस टीम को कटघरे में खड़ा किया है। विकास का कहना है कि उसके निर्माणाधीन कोल्ड स्टोर से आठ अप्रैल को बदमाशों ने सरिया लूटा था, जिसे बदमाशों ने मेरठ के गढ़ रोड पर स्थित एक व्यापारी को बेचा था। पुलिस ने उसके यहां से ही 15 कुंतल सरिया बरामद किया है, मगर लूट का माल खरीदने वाले व्यापारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।