मुजफ्फरनगर : मंसूरपुर में पत्रकारों से वार्ता करते राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय संर
- फोटो : KHATAULI
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सरदार वीएम सिंह ने कहा कि बकाया गन्ना भुगतान पर किसानों को ब्याज अवश्य मिलेगा। सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण इसमें थोड़ा विलंब हो सकता है। किसान धैर्य रखें, कोर्ट से ब्याज अवश्य ही दिलवाएंगे।
मंसूरपुर में शिवम राठी के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि सभी पार्टियों की सरकारें किसान विरोधी हैं। बकाया गन्ना भुगतान पर ब्याज के मामले को भी सरकार ने अपने दांवपेंच में उलझा रखा है। 18 व 19 जून को हरिद्वार में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा, जिसमें कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा और गंगा माता से सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी, ताकि किसान हित में सरकार एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने की ओर अग्रसर हो।
उन्होंने कहा कि गन्ने के रस से एथेनॉल का उत्पादन होने लगा है। इससे गन्ना किसानों की स्थिति में सुधार हुआ है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताया कि मंसूरपुर शुगर मिल पर केवल एक सप्ताह का भुगतान शेष है। एथेनॉल उत्पादन तथा गन्ने की अच्छी पैदावार और रिकवरी बढ़ने से शुगर मिलों को भी लाभ पहुंचा है। मंसूरपुर सहित कुछ शुगर मिलों की गन्ना भुगतान की स्थिति संतोषजनक है।
भारतीय किसान यूनियन से अलग हुए गुट के बारे में एक प्रश्न का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन से पहले भी कुछ लोगों ने अलग जाकर अपने संगठन बनाए हैं। जो भी संगठन बने, वह किसान हित में संघर्ष करें। मौके पर जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्यागी, अमित त्यागी पुरा, सुखबीर सिंह, नंदकिशोर पांचाल, सागर सैनी, बृजेश कुमार, पप्पू, प्रदीप, सुरेश, विश्व त्यागी, अर्जुन मौजूद रहे।