सिसौली (मुजफ्फरनगर)। कनार्टक में भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत पर स्याही फेंके जाने के बाद सिसौली में समर्थकों ने पंचायत बुलाई। तय किया गया कि मंगलवार को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर डीएम को टिकैत की जेड प्लस सुरक्षा के लिए मांगपत्र दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो सोरम में सर्वखाप पंचायत होगी। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि अभी तो स्याही गिरी है, एक दिन गोली भी लगेगी, परिवार तैयार है। प्रदेश नक्सलवाद की तरफ जा रहा है।
कसबे की पट्टी चौधरान स्थित नरेश टिकैत के घेर में पंचायत हुई। भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि सरकार के प्रति लोगों में रोष है। किसान संगठनों पर फूल बरसने चाहिए, स्याही नहीं गिरानी चाहिए। प्रदेश सरकार रास्ते से भटक गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को किसानों से बात करनी चाहिए, बातचीत से समस्या का हल निकलेगा। हिंदु-मुस्लिम के आधार पर लोगों को लड़ाया जा रहा है। मस्जिद खुदवाई जा रही है। स्याही फेंकने की घटना अगर यूपी में होती तो सात सौ लोग मर जाते, लोगों में नाराजगी है। गठवाला खाप के थांबेदार श्याम सिंह बहावड़ी ने कहा कि सरकार का रवैया ठीक नहीं है। लाटियान खाप के चौधरी वीरेंद्र लाटियान ने कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने चाहिए। अध्यक्षता दरियाव सिंह और संचालन ओमपाल बंजी ने किया। भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा, धीरज लाटियान, गौरव टिकैत, अनिल डबास, ओमकार गढ़ी, सतबीर, राजपाल सिंह, फूल सिंह, भगत सिंह, अभिजीत बालियान, जगपाल सिंह, चौ रविंद्र सिंह, संजीव पंवार, संजीव तोमर उपस्थित रहे।
सुरक्षा नहीं मिली तो सर्वखाप की पंचायत : योगेश शर्मा
भाकियू जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि मंगलवार को चौधरी राकेश टिकैत की सुरक्षा के लिए प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर डीएम को मांगपत्र सौंपा जाएगा। अगर सुरक्षा नहीं मिली तो सोरम में सर्वखाप चौधरियों की पंचायत बुलाकर बड़ा फैसला होगा।
पिछली बातों की लड़ाई लड़ रही भाजपा
टिकैत ने पंचायत में कहा कि भाजपा पिछली बातों की लड़ाई लड़ रही है। केंद्र सरकार के चुनाव में हमने भी भाजपा को वोट दिया था। उस सरकार के दो साल बचे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बाहर के राज्यों के बताकर निशाना साधा।
गृहमंत्री से की सुरक्षा की मांग
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर सुरक्षा की मांग की है। टिकैत ने कहा कि जल्द से जल्द सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। बंगलूरू प्रकरण में जो हुआ, उसके लिए कर्नाटक सरकार जिम्मेदार है।
सिसौली में पंचायत में मौजूद चौधरी नरेश टिकैत व ग्रामीण। ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सिसौली में पंचायत को संबोधित लाटियान खाप के चोधरी। ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर : सिसौली में पंचायत को संबोधित करते चौधरी नरेश टिकैत।- फोटो : MUZAFFARNAGAR