चीनी मिलों पर देरी से किए गए भुगतान का ब्याज बकाया : वर्मा
देवबंद। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि प्रदेश की चीनी मिलों पर पिछले वर्षों में देरी से किए गए गन्ना भुगतान पर लगा ब्याज आठ हजार करोड़ रुपये बकाया है। इसे किसानों को दिलवाने तक संघर्ष जारी रहेगा।
शुक्रवार को सहकारी गन्ना समिति की बैठक में भगत सिंह वर्मा ने कहा कि किसानों को गन्ना भुगतान का ब्याज दिलाने में सरकार बाधक बाधक बनी हुई है। इस बार प्रदेश के किसानों को हरियाणा के बराबर गन्ना मूल्य 350 रुपये क्विंटल दिए जाने की उम्मीद थी, लेकिन गन्ना मूल्य नहीं बढ़ने से किसान मायूस है। सरकार को इसका खामियाजा आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। वर्मा ने कहा कि अभी भी पिछले वर्ष का चीनी मिलों पर 700 करोड़ रुपये और इस वर्ष का 12000 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया है। जिसे दिलाने के लिए प्रदेश सरकार गंभीर नहीं है। अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और संचालन हाफिज मुर्तजा त्यागी ने किया। इस मौके पर सुधीर चौधरी, पवन सिंह, अजीत सिंह, रविंद्र प्रधान, हरपाल सिंह, डॉ. मो. अरशद, डॉ. यशपाल त्यागी, संजय त्यागी, आदेश त्यागी आदि रहे।