रोहाना चीनी मिल की पेराई क्षमता में वृद्धि
मुजफ्फरनगर, रोहाना। चीनी मिल परिक्षेत्र में गन्ने की व्यापक उपलब्धता के मद्देनजर आईपीएल ग्रुप ने चीनी मिल की पेराई क्षमता 16 हजार क्विंटल से बढ़ाकर 25 हजार क्विंटल प्रतिदिन कर दी है। इसके लिए मिल में 40 करोड़ का निवेश किया गया है।
जनपद में वर्ष 1930 में अमृतसर से आए मोना सरदार श्याम सिंह ने रोहाना क्षेत्र में चीनी मिल की स्थापना की थी। उस समय मिल की पेराई क्षमता 13 हजार क्विंटल प्रतिदिन थी। चीनी मिल में वर्ष 1933 में पेराई शुरू हुई थी। इसके बाद से मिल परिक्षेत्र में गन्ने का रकबा बढ़ने के साथ ही पैदावार भी बढ़ती चली गई। वर्ष 1990 में तत्कालीन सपा सरकार ने मिल के विस्तारीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, लेकिन किसानों के विरोध के कारण यह योजना अधर में लटक गई थी। बाद में बसपा सरकार ने इस चीनी मिल को आईपीएल ग्रुप को बेच दिया था।
इसके बाद आईपीएल ग्रुप ने मिल की पेराई क्षमता को बढ़ाकर 16 हजार क्विंटल प्रतिदिन कर दिया था। अब क्षेत्र में गन्ने की लगातार बढ़ती पैदावार के मद्देनजर मिल के एमडी पीएस गहलोत ने एक बार फिर पेराई क्षमता का विस्तारीकरण करने के लिए 40 करोड़ रुपये निवेश किए थे, जिसके बाद अब चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़कर 25 हजार क्विंटल प्रतिदिन हो जाएगी। मिल प्रबंधन ने बताया कि दस नवंबर तक मिल का पेराई सत्र शुरू कर दिया जाएगा।
रोहाना स्थित आईपीएल मिल।- फोटो : MUZAFFARNAGAR