आयकर विभाग ने सोमवार को एसडी मार्केट और सदर बाजार में चिकित्सकों के क्लीनिकों पर छापे मारे। एसडी मार्केट के तायल साड़ी सेंटर के साथ ही सदर में डॉ सिद्धार्थ गोयल, रेणू गोयल के यहां छापेमारी कर आयकर से संबंधित जांच-पड़ताल की गई। एसडी मार्केट में छापे का दुकान स्वामी के पुत्र और व्यापारियों ने विरोध किया। आयकर अधिकारियों ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में छापे की कार्रवाई को अंजाम देकर दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। इस दौरान एक दुकानदार के बहीखातों को भी टीम ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने किसी प्रकार व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत किया।
आयकर के ज्वाइंट कमिश्नर आरकेंद्र सिंह के नेतृत्व में सोमवार दोपहर आयकर की टीम एसडी कपड़ा मार्केट पहुंची। यहां प्रवीण तायल और राधेश्याम तायल की तायल साड़ी सेंटर पर छापा मारकर कार्रवाई की गई। आयकर ने कोर्ट रोड स्थित तायल साड़ी सेंटर की दूसरी ब्रांच पर भी छापा मारा। एक साथ दोनों स्थानों पर आयकर से संबंधित रिकार्ड खंगाले गए। एसडी मार्केट में व्यापारी के पुत्र प्रतीक गोयल और कर्मचारियों ने छापेमारी का विरोध करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।
हंगामा होने पर व्यापारी एकत्र हो गए और टीम के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मामला बढ़ता देख कोतवाली पुलिस को खबर की गई। इंस्पेक्टर संजीव शर्मा मयफोर्स एसडी मार्केट पहुंचे, तब जाकर टीम ने छापे की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान व्यापारियों की टीम के साथ बहसबाजी हुई। टीम को देखकर पड़ोस के दुकानदार अजय कुमार, मुंशीराम अपने दस्तावेज लेकर चलने लगे, जिस पर टीम ने दोनों के दस्तावेज, खातों को कब्जे में ले लिया।
बाद में विरोध होने पर टीम ने इन्हें दस्तावेज वापस किए। व्यापारियों ने विरोध में मार्केट बंद कर दी। टीम ने तायल साड़ी सेंटर पर आयकर में गड़बड़ी को लेकर छानबीन की है। दोनों ब्रांच से माल के क्रय-विक्रय का लेखा-जोखा और आयकर रिटर्न से संबंधित व्यापारियों से पूछताछ भी की गई। करीब चार घंटे तक टीम ने एक-एक दस्तावेज, फाइलों के साथ बिलों का रिकार्ड अपने कब्जे में लिया है।
इसके बाद आयकर टीम के अधिकारी केपी अनुरागी, राम अवतार और फूलचंद सिंह मयफोर्स के सदर बाजार में डॉ सिद्धार्थ गोयल और डॉ रेणू गोयल के क्लीनिक पर पहुंचे। टीम ने क्लीनिक पर भीतर से दरवाजे बंद कर आयकर, रोजाना आने वाले मरीजों, ट्रीटमेंट के साथ टैक्स संबंधित फाइलों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की।
यहां पर भी हिसाब-किताब में गड़बड़ी की आशंका जताई गई है, जिसके चलते एक-एक दस्तावेज की जांच की गई। आयकर अधिकारी फूलचंद सिंह ने बताया कि आयकर सर्वे किया जा रहा है। फिलहाल कुछ कह पाना संभव नहीं है। सब स्थानों पर जांच-पड़ताल की गई है। उधर, एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार शहर में आयकर के छापे पड़ने से व्यापारियों और चिकित्सकों में हड़कंप मचा है। पहले टीम ने ईवान अस्पताल, टिकौला शुगर मिल समेत सात स्थानों पर छापेमारी की थी।