फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यात्रियों के लिए काल बन गया ट्रक, क्रॉसिंग के दौरान बस के बीच में मारी टक्कर      

Thu, 03 Aug 2017 12:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
रोहाना के पास हुए हादसे में तेज गति से आ रहा ट्रक पांच बस यात्रियों के लिए काल बनकर आया। दोनों वाहनों की क्रॉसिंग के दौरान ट्रक बस के बीच में टकराया। ट्रक ने चालक के पीछे तीन सीटों को छोड़कर बाकी बस को पूरी तरह से उधेड़कर रख दिया, जिसमें दो महिलाओं और एक बालक समेत पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि दस यात्री गंभीर घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बनी है।       
विज्ञापन


सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग सिंगल मार्ग है। रोहाना और मलीरा के बीच बड़कली पुलिया के पास यह हादसा हुआ। रोहाना से जब बस मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुई, तो हादसे का शिकार हुए यात्रियों को क्या पता था कि दो किलोमीटर आगे मौत अपना जाल बिछाए हुए है। बस के बड़कली पुलिया के पास पहुंचते ही सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। चालक तेज गति से ट्रक को चला रहा था।

जैसे ही रोडवेज बस को क्रॉस किया तो ट्रक का आगे का हिस्सा बस के बीच से टकराया और वह चालक साइड से बस को चीरते हुए निकल गया। पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक और बस दोनों के चालक वाहनों को छोड़कर फरार हो गए। घायल यात्री रविंद्र, शकील और सुमित ने बताया कि ट्रक तेज गति से आकर बस के बीच में टकराया है।       
विज्ञापन


घायलों की मची चीखपुकार, टैंपू, डीसीएम से अस्पताल भिजवाया       
ट्रक-बस के बीच हुई भिड़ंत इतनी भीषण थी कि यात्रियों के शव क्षत-विक्षत होकर बस से नीचे गिर गए। हादसे में घायल यात्री बचाव के लिए चीख पुकार रहे थे। अचानक हुए धमाके और बस यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर कर वहां खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। इसी बीच वहां से गुजर रहे राहगीर भी घायलों की मदद में जुटे।

इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और एंबुलेंस को खबर कर दी, मगर आधे घंटे तक भी न पुलिस आई और न ही एंबुलेंस, तब ग्रामीणों ने वहां से गुजर रहे टैंपू, डीसीएम, टाटा मैक्स, टाटा ऐस आदि वाहनों से मृतकों और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। बाद में एससी सिटी ओमवीर सिंह, एसडीएम सदर शीतल प्रसाद गुप्ता, सीओ सिटी हरीश भदौरिया, शहर इंस्पेक्टर संजीव शर्मा मौके पर पहुंचे।    
   
अस्पताल की इमरजेंसी को कराया खाली       
बस और ट्रक की भिड़ंत के बाद मौके पर कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना की सूचना जब उनके परिजनों को मिली तो वह अस्पताल पहुंच गए, जिससे अस्पताल में भी कोहराम मचा रहा। अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए जहां इमरजेंसी को घायलों के लिए खाली करा दिया, वहीं तमाम चिकित्सकों को इमरजेंसी में बुला लिया, ताकि घायलों को सही उपचार मिल सके। डॉक्टरों ने घायलों को उपचार कर उन्हें भर्ती किया।       

एक दर्जन यात्री मरने  की अफवाह फैली       
बस और ट्रक की भिड़ंत में एक दर्जन यात्रियों की मौत की अफवाह फैल गई, जिसके चलते लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दो महिलाओं और एक बच्चे समेत पांच यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।       

आरएम और एआरएम  भी मौके पर पहुंचे       
रोहाना हादसे की सूचना पर रोडवेज अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सहारनपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज पुंडीर और मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम बीपी अग्रवाल ने घटनास्थल पर जाकर परिचालक राजकुमार से हादसे की जानकारी ली। एआरएम अग्रवाल ने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। सिंगल रोड पर वाहनों की क्रासिंग के दौरान ट्रक की टक्कर बस के बीच में लगी है।       

हादसे के बाद यातायात बाधित रहा       
रोहाना के पास हुए सड़क हादसे के बाद सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग का यातायात बाधित हो गया। दोनों वाहन सड़क पर रहने और अन्य वाहनों के रुकने के कारण यहां जाम की स्थिति बन गई। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने क्रेन मंगवा कर दोनों वाहनों को एक साइड करके यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने ट्रक और बस को कब्जे में ले लिया है। दोनों के चालक फरार है। पुलिस देर रात तक मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी थी।       
विज्ञापन


सड़क हादसे में ये लोग हुए घायल 
1-रईस पुत्र नवाब निवासी खालापार       
2-अनुरामा पत्नी अरविंद निवासी मलीरा       
3-मनीष पुत्र राजवीर निवासी नंगला कबीर       
4-मनोज पुत्र ओमप्रकाश निवासी जट नंगला       
5-पुष्पा पत्नी मनोज निवासी जट नंगला       
6- रिहान पुत्र हनीफ निवासी बिजनौर       
7- सुमित पुत्र इकबाल निवासी खन्ना, पंजाब,        
8- रविंद्र पुत्र ब्रहमपाल निवासी बिजनौर       
9- शमीम पुत्र शरीफ निवासी खालापार       
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें