कलाकार नंदलाल बोस की जयंती पर डीएवी महाविद्यालय के चित्रकला विभाग में कार्यशाला में प्रतिभाग क?
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कला कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को पोट्रेट बनाने की विधि बताई
मुजफ्फरनगर। बंगाल स्कूल के प्रख्यात भारतीय कलाकार नंदलाल बोस की जयंती के अवसर पर डीएवी महाविद्यालय के चित्रकला विभाग में एक कला कार्यशाला का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं को कला की बारीकियों से अवगत कराया गया।
महामना मालवीय इंटर कॉलेज के कला प्रवक्ता डॉ अनिल सैनी ने पोट्रेट बनाने की विधि का विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। भाव प्रधानता पर आधारित व्यक्ति चित्रण की बारीकियों का वर्णन करते हुए लाइव पोट्रेट बनाने की विधि में प्रयुक्त होने वाली तकनीक का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने पोट्रेट में चेहरे के अनुपात के साथ-साथ छाया प्रकाश के महत्व को समझाते हुए बताया कि किसी भी व्यक्तित्व का चित्रण करते हुए उस व्यक्तित्व की कुछ महत्वपूर्ण पहचान को पोट्रेट में प्रधानता के रूप में प्रस्तुत करना आवश्यक होता है, उसी से किसी भी व्यक्तित्व का हम चित्रकला के माध्यम से सटीक प्रस्तुतीकरण कर सकते हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ वेद पाल सिंह ने बताया कि इस प्रकार की कला कार्यशालाओं का आयोजन अगले माह की 30 तारीख तक साप्ताहिक रूप से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुसार छात्रों को विभिन्न माध्यमों से अध्यापन की व्यवस्था के अंतर्गत आने वाले दिनों में अतिथि व्याख्यान व अतिथि कार्यशाला कराने की योजना बनाई गई है। डॉ रजनीश गौतम ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला मुख्य अतिथि व्याख्यान के माध्यम से हम छात्रों को विभिन्न प्रकार की विधाओं में प्रशिक्षित करने का प्रयास करते हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ ललित कुमार, राहुल शर्मा, नीरज मौर्य, रीमा शर्मा ,कनीज हुसैन, शालिनी आदि उपस्थित रहे। विद्यार्थियों में आकाश, जाबिर, अंकुश, शुभम, राहुल, अमरीश, मोहित आदि मौजूद रहे।