गांव फुलत में आरोपियों की तलाश में दबिश
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव फुलत में संजय की हत्या के मामले में आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमों ने दबिश दी। पुलिस के मुताबिक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। उधर, संजय का शव पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर रात गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मंगलवार को रतनपुरी क्षेत्र के गांव फुलत में रंजिश में राहुल और संजय के बीच कहासुनी हो गई थी। पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर राहुल पक्ष के लोगों ने संजय के परिजनों पर हमला कर दिया था। हमले में सुभाष, सूर्या, राहुल उर्फ पिंकू और राधा घायल हो गए थे। राहुल पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में संजय की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई मुनेश ने एक महिला सहित 11 लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।